चंडीगढ़। हरियाणा में हाल ही में लांच की गई चिरायु हरियाणा योजना का रजिस्ट्रेशन करने और स्वास्थ्य कार्ड बनाने के नाम पर कई केंद्रों पर अवैध वसूली की जा रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पास इस प्रकार की कई शिकायतें पहुंचीं हैं। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि ऐसे मामलों पर निगरानी बढ़ाएं और जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्पष्ट किया है कि चिरायु योजना का रजिस्ट्रेशन करने व स्वास्थ्य कार्ड निशुल्क बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आ रही शिकायतों और समस्याओं को देखते हुए गांव स्तर पर कॉल सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों की समस्या का तुरंत समाधान हो सके।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीरवार को यहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्रियान्वित चिरायु हरियाणा योजना व मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी, स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी अनुपमा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर, सचिव वित्त विभाग वजीर सिंह गोयत, प्रबंध निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं राजनारायण कौशिक, निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा एवं अनुसंधान डॉ. आदित्य दहिया मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना को सुचारू ढंग से चलाने के लिए बेहतरीन टीपीए (थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर) की नियुक्ति की जाए, ताकि वह समय समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन कर सरकार को वास्तविक रिपोर्ट दे। इसके लिए आगामी सप्ताह में टीपीए नियुक्ति बैठक आयोजित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी मेडिकल केन्द्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत किया जाएगा। सिविल अस्पतालों में चिकित्सक, लेबोरेट्री, स्पेशलिस्ट की नियुक्ति करने के साथ साथ आईसीयू सुविधा उपलब्ध करवाने की ओर तेजी से कार्य किया जाए।
5 दिसंबर को बांटे जाएंगे 10 लाख कार्ड
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिरायु योजना के तहत प्रदेश के लगभग 28 लाख अंत्योदय परिवारों को इस स्वास्थ्य योजना का लाभ जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिरायु हरियाणा योजना के कार्ड त्वरित गति से बनाने का कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि 5 दिसंबर को इस योजना के 10 लाख कार्ड गांव व वार्ड स्तर पर बांटना सुनिश्चित करें।
29 को कुरुक्षेत्र से राष्ट्रपति करेंगी सर्वेक्षण की शुरुआत, बनेगा यूनिवर्सल पोर्टल
आगामी 29 नवंबर को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का अपने कर कमलों से शुभारंभ करेंगी। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के अंत्योदय परिवारों के एक करोड़, 60 लाख से अधिक व्यक्तियों का स्वास्थ्य सर्वे किया जाएगा। प्रदेश में चलाई जा रही ई-उपचार योजना के तहत 1.8 करोड़ लोगों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का डाटा उपलब्ध है। ऐसे सभी लोगों का स्वास्थ्य डाटा एकत्र करने के लिए ई-उपचार का यूनिवर्सल पोर्टल बनाया जाएगा।