07:22 PM, 02-Oct-2021
दिल्ली की रोमाचक जीत
दिल्ली कैपिटल्स ने रोमांचक मुकाबले में आखिरी ओवर में मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ दिल्ली अब 18 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंच चुकी है, जबकि मुंबई के लिए प्लेऑफ की राह बेहद कठिन हो गई है। शारजाह में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और मुंबई की टीम को 129 रन के स्कोर पर रोक दिया। मुंबई की तरफ से सूर्यकुमार यादव (33) सर्वोच्च स्कोरर रहे जबकि दिल्ली की तरफ से अक्षर पटेल और आवेश खान ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही, टीम ने 100 रन के अंदर अपने छह विकेट गंवा दिए, हालांकि श्रेयस अय्यर (33*) एक छोर पर टिके रहे और अश्विन के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी। मुंबई की तरफ से पोलार्ड को छोड़कर सभी गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिए।
07:05 PM, 02-Oct-2021
दिल्ली को 12 गेंदों में 11 रन की जरुरत
दिल्ली के लिए श्रेयस अय्यर एक बार फिर से मैच जिताऊ पारी खेल रहे हैं। टीम को अब जीत के लिए आखिरी 12 गेंदों में 11 रन की जरुरत है।
06:57 PM, 02-Oct-2021
दिल्ली को 24 गेंदों में 25 रन की दरकार
दिल्ली की टीम धीरे-धीरे जीत की तरफ बढ़ रही है। हालांकि मुंबई की गेंदबाज भी अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। दिल्ली को अब 24 गेंदों में 25 रनों की जरुरत है।
06:53 PM, 02-Oct-2021
30 गेंदें शेष, दिल्ली को 30 रनों की दरकार
आखिरी 30 गेंदों का खेल बाकी है। दिल्ली को जीत के लिए जहां 30 रनों की दरकार हैं वहीं मुंबई को चार विकेट की जरुरत है।
15 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 100/6, श्रेयस अय्यर (17*), रवि अश्विन (5*)
06:39 PM, 02-Oct-2021
बोल्ट ने अक्षर को निपटाया
दिल्ली के विकेट गिरने का सिलसिला जारी है। इस बार ट्रेंट बोल्ट ने अक्षर पटेल को पवेलियन का रास्ता दिखाया। अक्षर को रिव्यू का भी फायदा नहीं मिला और वह 9 रन बनाकर आउट हुए।
12 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 80/5, श्रेयस अय्यर (15*), शिमरॉन हेटमायर (3*)
06:25 PM, 02-Oct-2021
10 ओवर का खेल पूरा
दिल्ली की टीम को इस वक्त एक मजबूत साझेदारी की जरुरत है और उसकी तरफ से श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल मैदान पर हैं।
11 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 74/4, श्रेयस अय्यर (13*), अक्षर पटेल (8*)
06:08 PM, 02-Oct-2021
दिल्ली के 50 रन पूरे
ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर मिलकर दिल्ली को शुरुआती झटके से उबारने में लगे हैं। दोनों मिलकर धीरे-धीरे साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं। सात ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 51/3, ऋषभ पंत (23*), श्रेयस अय्यर (5*)
06:04 PM, 02-Oct-2021
पहला पावरप्ले समाप्त
पहले छह ओवर का खेल यानी पहला पावरप्ले समाप्त हो गया है। मुंबई के लिहाज से ये छह ओवर काफी शानदार रहे। उसने इस दौरान तीन बड़ी सफलताएं हासिल की। छह ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 46/3, ऋषभ पंत (21*), श्रेयस अय्यर (2*)
06:00 PM, 02-Oct-2021
कुल्टर नाइल ने स्मिथ को किया बोल्ड
नाथन कुल्टर नाइल ने आते ही स्टीव स्मिथ को अपना पहला शिकार बनाया। उन्होंने पहली ही गेंद पर स्मिथ को 9 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया।
पांच ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 35/3, ऋषभ पंत (11*), श्रेयस अय्यर (1*)
05:49 PM, 02-Oct-2021
दिल्ली को दोहरा झटका
मुंबई के 130 रन के लक्ष्य के जवाब में दिल्ली की कमजोर शुरुआत हुई है। शिखर धवन के बाद पृथ्वी शॉ भी सस्ते में पवेलियन लौट गए हैं। शॉ को क्रुणाल ने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर एलबीडब्ल्यू किया। आउट होने से पहले शॉ ने छह रन बनाए।
तीन ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 21/2, ऋषभ पंत (6*), स्टीव स्मिथ (1*)
05:42 PM, 02-Oct-2021
दिल्ली को पहला झटका, धवन आउट
दिल्ली की शुरुआत भी मुंबई इंडियंस की तरह ही हुई है। उसने भी दूसरे ही ओवर में शिखर धवन का विकेट गंवा दिया है। धवन को पोलार्ड ने आठ रन के स्कोर पर रनआउट किया।
दो ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 14/1, पृथ्वी शॉ (6*), स्टीव स्मिथ (0*)
05:34 PM, 02-Oct-2021
दिल्ली की पारी शुरू
मुंबई के 129 रन के जवाब में दिल्ली की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। दिल्ली की तरफ से पृथ्वी शॉ और शिखर धवन की जोड़ी ने पारी की शुरुआत की है। जबकि मुंबई ने ट्रेंट बोल्ट को नई गेंद थमाई है।
05:23 PM, 02-Oct-2021
दिल्ली के सामने 130 रन का लक्ष्य
आईपीएल 2021 में 46वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने है। शारजाह के मैदान में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में 129 रन ही बना पाई। मुंबई की तरफ से सूर्यकुमार यादव (33) सर्वोच्च स्कोरर रहे। जबकि दिल्ली की तरफ से अक्षर पटेल और आवेश खान ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
05:09 PM, 02-Oct-2021
आवेश का एक और शानदार ओवर
आवेश खान ने एक बार फिर से अपनी तेज और सटीक गेंदबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने अपने चौथे और टीम के 19वें ओवर में सात रन देकर दो विकेट हासिल किए। 19 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 116/7, क्रुणाल पंड्या (7*), जयंत यादव (5*)
04:51 PM, 02-Oct-2021
दिल्ली ने पिछले दो ओवर में दिए एक रन
दिल्ली के तेज गेंदबाज एनरिक नोर्त्जे और आवेश खान ने आज जबरदस्त गेंदबाजी की है। दोनों की जोड़ी ने मिलकर मुंबई के बल्लेबाजों को खूब परेशान किया है। नोर्त्जे ने जहां 15वां ओवर मेडेन फेंका वहीं आवेश ने 16वें ओवर में सिर्फ एक रन दिए।