10:41 PM, 03-Dec-2022
125 से अधिक सीटें जीतकर अगली सरकार बना रही कांग्रेस
गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने शनिवार को कहा कि लोगों के सोचने में कुछ भी गलत नहीं है कि अगर पार्टी राज्य विधानसभा चुनाव जीतती है तो विपक्षी पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के व्यक्ति को अगला मुख्यमंत्री बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 182 में से 125 से अधिक सीटें जीतकर अगली सरकार बना रही है। युवा बड़ी संख्या में हमारी रैलियों में आ रहे थे क्योंकि वे भाजपा की नीतियों से नाराज थे। बुजुर्ग नागरिक भी हमें अपना आशीर्वाद दे रहे हैं।
06:29 PM, 03-Dec-2022
योगी ने कांग्रेस मुक्त गुजरात का आह्वान किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोगों से गुजरात को कांग्रेस से मुक्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों को सुरक्षा के लिए खतरा और विकास में बाधा करार दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने एक बार कहा था कि भारत को आजादी मिलने के बाद कांग्रेस पार्टी को भंग कर देना चाहिए। अब यह करना आपकी जिम्मेदारी है। एक 'कांग्रेस मुक्त' गुजरात आपकी सभी समस्याओं का समाधान करेगा।
06:27 PM, 03-Dec-2022
दूसरे चरण के लिए प्रचार समाप्त
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार अभियान शनिवार शाम पांच बजे खत्म हो गया। दूसरे चरण में पांच दिसंबर को 93 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा, जिसमें 833 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। मतगणना आठ दिसंबर को होगी। दूसरे चरण में मैदान में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (घाटलोदिया से), पाटीदार नेता हार्दिक पटेल (विरमगाम से) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) नेता अल्पेश ठाकोर (गांधीनगर दक्षिण से) हैं। हार्दिक पटेल और ठाकोर दोनों भाजपा के उम्मीदवार हैं।
05:23 PM, 03-Dec-2022
गुजरात की मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कही यह बात
गुजरात की मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. भारती ने कहा कि दूसरे चरण के मतदान में 61 राजनीतिक पार्टीयों के 833 उम्मीदवार भाग ले रहे हैं। इसमें कुल मतदाता 2,51,58,730 हैं जिसमें से पुरुष मतदाता 1,29,26,501 हैं, महिला मतदाता 1,22,31,335 हैं और अन्य मतदाता 894 हैं। मतदान के लिए 26,409 मतदान केंद्र हैं। हम इसमें 37,432 बैलट यूनिट, कंट्रोल यूनिट 36,157 और VVPAT 40,066 इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान कर्मचारियों की संख्या 1,13,325 हैं। पहले चरण में कम मतदान को लेकर चुनाव आयोग ने कहा कि शहर के लोग मतदान के लिए बाहर नहीं आ रहे हैं। शहरी उदासीनता की वजह से वोटिंग प्रतिशत में गिरावट हो रही है। आयोग ने गुजरात के मतदाताओं से दूसरे चरण में बड़ी संख्या में बाहर आने की अपील की है।
12:00 PM, 03-Dec-2022
दूसरे चरण में किन नेताओं की सीटें दांव पर?
दूसरे चरण में कुछ महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे जिनमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की घाटलोडिया सीट के साथ ही वीरमगाम सीट जहां से पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं और गांधीनगर दक्षिण सीट शामिल है जहां से अल्पेश ठाकोर भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
11:25 AM, 03-Dec-2022
दूसरे चरण में 833 उम्मीदवार मैदान में
दूसरे चरण में बची हुई 93 सीट के लिए मतदान होगा, जिसके लिए राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), विपक्षी कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सहित लगभग 60 राजनीतिक दलों के 833 उम्मीदवार और निर्दलीय मैदान में हैं।
11:00 AM, 03-Dec-2022
'रावण' बयान पर खरगे की सफाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने 'रावण' वाले बयान पर सफाई दी है। उन्होंने भाजपा पर गुजरात चुनाव में फायदा उठाने के लिए उनके बयान पर बेजा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। खरगे ने कहा कि राजनीति किसी व्यक्ति विशेष पर नहीं बल्कि मुद्दो पर होनी चाहिए।
09:51 AM, 03-Dec-2022
पहले चरण में वोटिंग घटने के क्या मायने?
गुजरात के 19 जिलों की 89 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को मतदान हुआ। पहले चरण में 63 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ। 2017 के मुकाबले इसमें करीब चार फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है। 2017 में इन सीटों पर 67.20 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला था। ऐसे में सवाल यही है कि मतदान घटने के मायने क्या हैं? मतदान घटने से किसे फायदा होगा?
पढ़ें पूरी रिपोर्ट
09:42 AM, 03-Dec-2022
आखिरी दिन योगी और भगवंत मान लगाएंगे जोर
गुजरात में आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन कई दिग्गज चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के रैलियां करेंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, गुजरात में आप का सीएम फेस बनाए गए इसुदान गढ़वी का रोड शो और रैलियां होंगी। योगी आदित्यनाथ अहमदाबाद, खेड़ा, आणंद में रैली करेंगे।
09:34 AM, 03-Dec-2022
Gujarat Election 2022 Live: गुजरात में थमा प्रचार का शोर, EC ने लोगों से की वोटिंग में जमकर हिस्सा लेने की अपील
आज थमेगा गुजरात में चुनाव प्रचार का शोर
गुजरात में 14 जिलों की 93 सीटों पर दूसरे और आखिरी चरण के लिए चुनाव प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। इन सीटों पर पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कई दिग्गज अपनी-अपनी पार्टियों का प्रचार करते नजर आएंगे।