01:38 PM, 08-Dec-2022
अशोक पींचा को अनिल शर्मा ने 26852 वोटों से हराया
सरदारशहर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा ने भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार पींचा को 26 हजार 852 वोटों से हराया है। आरएलपी उम्मीदवार लालचंद मूंड तीसरे नंबर पर रहे। अनिल शर्मा को कुल 91 हजार 357 वोट मिले। भाजपा के अशोक पींचा को 64 हजार 505 और आरएलपी के लालचंद मूंड को 46 हजार 753 वोट मिले।
01:22 PM, 08-Dec-2022
सरदारशहर उपचुनाव में कांग्रेस के अनिल शर्मा ने जीत दर्ज की है। कुछ देर बाद निर्वाचन अधिकारी अनिल शर्मा को जीत का प्रमाण पत्र सौंपेंगे।
01:13 PM, 08-Dec-2022
सरदारशहर उपचुनाव के लिए डाले गए वोटों के अभी तक 1084 वोट नोटा के लिए डाले गए हैं। आखिरी राउंड की मतगणना जारी है।
01:07 PM, 08-Dec-2022
कांग्रेस दसवीं जीत की ओर
सरदारशहर विधानसभा सीट पर आजादी के बाद से कांग्रेस ने नौ बार जीत दर्ज की है। आज अगर अनिल शर्मा जीतते हैं तो कांग्रेस यहां दसवीं बार जीतेगी। वहीं भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार पींचा को भंवरलाल शर्मा ने दो बार हाराया था। अगर अनिल शर्मा जीते तो अशोक पिंचा तीसरी बार हारेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस खेमा घोषणा से पहले ही जीत के जश्न मनाने में जुटा है।
12:15 PM, 08-Dec-2022
हार स्वीकार करे भाजपा-खाचरियावास
कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा की बढ़त पर मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े वादा करने वाली भाजपा कहां हैं। सहानुभूति वोट मिलने के सवाल पर खाचरियावास ने कहा कि भाजपा हार स्वीकार करे।
12:10 PM, 08-Dec-2022
सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव की 12वें राउंड की वोटो की गिनती में अनिल शर्मा 23 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि अनिल शर्मा को सरदारशहर से चुनकर जनता दिवंगत नेता भंवरलाल शर्मा को श्रद्धांजलि देना चाहती है।
12:06 PM, 08-Dec-2022
10 राउंड की गिनती पूरी हो गई है। कांग्रेस के अनिल शर्मा 21 हजार 526 वोटों से आगे हैं। भाजपा दूसरे नंबर पर चल रही है।
11:58 AM, 08-Dec-2022
सरदारशहर में कांग्रेस के अनिल शर्मा एक बड़ी जीत की ओर हैं। अब तक की काउंटिंग में कांग्रेस को 46580, भाजपा को 29198 और आरएलपी को 21207 वोट मिले हैं।
11:18 AM, 08-Dec-2022
86,894 मतों की गिनती
सरदारशहर उपचुनाव मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा सातवे राउंड में 17009 मतों से आगे चल रहे हैं। भाजपा के अशोक पींचा दूसरे स्थान और आरएलपी के लालचंद मूंड तीसरे स्थान पर हैं। अब तक कुल 86,894 मतों की गिनती हुई है।
10:37 AM, 08-Dec-2022
सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव में पांचवें राउंड की काउंटिंग पूरी हो गई है। 10 हजार 852 वोट से कांग्रेस आगे चल रही है। आरएलपी भाजपा को कड़ी टक्कर दे रही है।
10:26 AM, 08-Dec-2022
आरएलपी से पिछड़ी भाजपा
चौथे राउंड की काउंटिंग पूरी हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा आगे चल रहे हैं। वहीं भाजपा फिसलकर तीसरे नंबर पर आ गई है।
09:49 AM, 08-Dec-2022
7800 वोटों से अनिल शर्मा आगे
सरदारशहर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ने बढ़त बना रखी है। यहां कांग्रेस के अनिल शर्मा 7800 वोटों से आगे चल रहे हैं।
09:36 AM, 08-Dec-2022
कांग्रेस के अनिल शर्मा 3000 वोटो से आगे
सरदारशहर विधानसभा सीट के लिए हुए सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई। मतगणना चूरू जिला मुख्यालय के पॉलिटक्निक कॉलेज में चल रही है। यहां कांग्रेस कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा भाजपा के अशोक पिंचा से 3000 वोटों से आगे चल रहे हैं। RLP के लालचंद मूंड तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।
12:58 AM, 08-Dec-2022
Sardarshahar Bypoll Results Live: सरदारशहर उपचुनाव में कांग्रेस ने मारी बाजी, अनिल शर्मा भारी मतों से जीते
राजस्थान के चूरू जिले की सरदारशहर सीट पर हुए विधानसभा उपचुनाव का परिणाम आज शुक्रवार शाम तक आ जाएगा। सुबह आठ बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में वोटों की गिनती शुरू होगी। सरदारशहर विधानसभा सीट विधायक पं. भंवरलाल शर्मा के निधन के बाद खाली हुई थी। 5 दिसंबर को हुए उपचुनाव में 295 मतदान केंद्रों पर 72.09 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस सीट पर कांग्रेस के अनिल शर्मा, भाजपा के अशोक पींचा और आरएलपी के लालचंद मूड के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। हालांकि, उपचुनाव के मैदान में 12 उम्मीदवार हैं, जिनकी किस्मत पर आज फैसला होगा।
मतगणना को लेकर तैयारी पूरी
सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। शहर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से यहां बीएसएफ, आरएसी और राजस्थान पुलिस की टीम तैनात की गईं है। साथ ही निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ सिहाग ने बताया कि शाम करीब चार बजे तक उपचुनाव के परिणाम की घोषणा हो सकती है।
कांग्रेस ने सिम्पैथी और RLP ने खेला जाट कार्ड, भाजपा ने पूर्व विधायक पर जताया था भरोसा
- सरदारशहर सीट कांग्रेस नेता पंडित भंवरलाल शर्मा के निधन से खाली हुई है। शर्मा छह बार विधायक रह चुके हैं। 9 अक्टूबर को उनका निधन हो गया था। लोगों की सहानुभूति को देखते हुए कांग्रेस ने शर्मा के बेटे अनिल शर्मा को टिकट दिया था। वे राजस्थान आर्थिक पिछड़ा वर्ग आयोग के चेयरमैन हैं और उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा भी मिला हुआ है।
- भाजपा ने अशोक कुमार पिंचा को चुनाव मैदान में उतारा है। पिंचा ने 2008 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता पंडित भंवरलाल शर्मा को भारी मतों से हराया था। उस दौरान उन्हें 73902 वोट मिले थे, ये जीत भाजपा के लिए बड़ी मानी जा रही थी, क्योंकि भाजपा यहां अपनी जगह नहीं बना पा रही थी। ऐसे में जाट समाज से कई दावेदार होने के बाद भी भाजपा ने पूर्व विधायक अशोक कुमार पिंचा पर ही भरोसा जताया था।
- सरदारशहर सीट पर जाट समाज का दबदबा होने के बाद भी भाजपा और कांग्रेस ने इस समुदाय के किसी दावेदार को चुनाव मैदान में नहीं उतारा था। इससे समाज के लोगों में नाराजगी बताई जा रही थी। इसी नाराजगी को भुनाने के लिए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी यानी आरएलपी ने लालचंद मूंड को प्रत्याशी बनाया था। अब देखा यह है कि किसकी रणनीति काम आती और सरदारशहर का सरदार कौन बनता है।
सीट पर इतने मतदाता
सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 89 हजार 843 सामान्य मतदाता हैं, जिनमें से 1 लाख 52 हजार 766 पुरुष और 1 लाख 37 हजार 077 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 498 सर्विस वोटर्स हैं, जिनमें से 488 पुरुष और 10 महिला मतदाता हैं।
चुनावी मैदान में 12 उम्मीदवार
सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव के लिए 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। कांग्रेस, भाजपा और आरएलपी के प्रत्याशी के अलावा सीपीआई (एम) से सांवरमल मेघवाल, इंडियन पीपुल्स ग्रीन पार्टी से परमाराम नायक उम्मीदवार हैं। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर उमेश साहू, राजेंद्र भांबू, प्रेम सिंह, सुभाष चंद्र, सांवरमल प्रजापत, विजयपाल श्योराण, सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।