06:30 PM, 23-Jan-2022
UP Chunav : करहल से चुनाव लड़ने पर अखिलेश बोले- आजमगढ़ कभी नहीं छूटेगा
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मैनपुरी के करहल सीट से चुनाव लड़ने को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने एक टीवी चैनल को इंटरव्यू दिया। बोले, करहल की जनता और हमारी पार्टी चाहती थी, इसलिए मैं वहां से चुनाव लड़ रहा हूं। सपा मुखिया ने कहा कि अभी मैं आजमगढ़ का सांसद हूं। आजमगढ़ कभी नहीं छोड़ूंगा।
06:11 PM, 23-Jan-2022
UP Election 2022 : मायावती ने योगी पर साधा निशाना
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती अचानक से सोशल मीडिया पर एक्टिव हो गई हैं। उन्होंने लंबे समय बाद एक दिन के अंदर दो अलग-अलग मुद्दों पर ट्विट कर अपने विपक्ष के नेताओं पर निशाना साधा है। पहले प्रियंका गांधी पर उन्होंने तंज कसा और अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पलटवार किया है।
मायावती ने कहा, 'शायद पश्चिमी यूपी की जनता को यह मालूम नहीं है कि गोरखपुर में योगी जी का बना मठ जहां वो अधिकांश निवास करते हैं, वो कोई बड़े बगंले से कम नहीं है। यदि इस बारे में भी यह बता देते तो बेहतर होता। साथ ही, यह भी बेहतर होता यदि यूपी के सीएम अपनी सरकार की तारीफ के साथ-साथ बीएसपी सरकार के जनहित से जुड़े कार्यों का भी कुछ उल्लेख कर देते क्योंकि इन्हें मालूम होना चाहिए कि गरीबों को मकान व भूमिहीनों को जमीन देने के मामले में बीएसपी सरकार का रिकार्ड बेहतरीन रहा है।'
मायावती ने आगे लिखा, 'बीएसपी सरकार द्वारा कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तहत केवल दो चरण में ही डेढ़ लाख से अधिक पक्के मकान दिए गए तथा सर्वजन हिताय गरीब आवास मालिकाना हक योेजना के तहत काफी परिवारों को लाभ मिला। लाखों भूमिहीन परिवारों को भी भूमि दी गई।'
04:54 PM, 23-Jan-2022
UP Election News : योगी ने अखिलेश पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर से अब्बाजान की एंट्री हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। बोले, प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को लेकर उनके पास (अखिलेश यादव) कोई योजना नहीं थी। वह कहते हैं कि पुरानी पेंशन फिर से शुरू करेंगे। जब ये पुरानी पेंशन रोकी गई थी, तब उनके अब्बाजान ही मुख्यमंत्री थे और उसके बाद चार वर्ष तक मुख्यमंत्री रहे। फिर पांच साल तक उन्हें (अखिलेश यादव) को खुद मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला, लेकिन प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के बारे में उनके पास कोई सोच नहीं थी।
04:35 PM, 23-Jan-2022
UP Election 2022 : अनुप्रिया पटेल ने पहली सूची जारी की
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना दल (एस) की प्रमुख और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में एक ही प्रत्याशी का नाम है। अपना दल रामपुर की स्वार सीट से हैदर अली खान को मैदान में उतारा है। हैदर ने हाल ही में कांग्रेस छोड़कर अपना दल का थामन थामा है। इस सीट से समाजवादी पार्टी की तरफ से आजम खान के बेटे अब्दुल्ला मैदान में है। प्रत्याशी के नाम का एलान करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि भाजपा के साथ सीटों को लेकर हमारी बात लगभग फाइनल हो गयी है। सिर्फ फाइनल राउंड में बात होनी है और इसके बाद मीडिया में सीटों को लेकर ऐलान किया जाएगा।
04:02 PM, 23-Jan-2022
UP Chunav : आगरा में टिकट न मिलने पर भाजपा विधायक का इस्तीफा, सपा में गए
आगरा में भारतीय जनता पार्टी से टिकट न मिलने पर नाराज फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक जितेंद्र वर्मा ने पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली। भाजपा ने फतेहाबाद विधानसभा सीट पर जितेंद्र वर्मा का टिकट काट दिया था। वह वर्तमान में इस सीट से विधायक हैं। भाजपा ने उनके स्थान पर पूर्व विधायक छोटे लाल वर्मा को टिकट दिया है।
03:52 PM, 23-Jan-2022
Uttar pradesh vidhansabha chunav : गाजियाबाद में सीएम योगी ने डोर टू डोर प्रचार किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में डोर टू डोर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर भाजपा सरकार के कार्यों के बारे में बताया।
03:49 PM, 23-Jan-2022
UP Chunav : योगी का अखिलेश पर वार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश के लिए फिर से भाजपा सरकार बहुत जरूरी है, ताकि... निवेश आता रहे और उद्योग-धंधे विकसित होते रहें...सबको रोजगार अपने घर के पास ही मिलता रहे...सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे...।
योगी ने कैराना को लेकर भी सपा पर हमला बोला। कहा कि अब कैराना से पलायन नहीं, रैपिड रेल की तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का विकास हो रहा है। योगी ने कहा, समाजवादी पार्टी और सत्य, नदी के दो किनारे हैं जो कभी एक नहीं हो सकते।
03:44 PM, 23-Jan-2022
UP Election : मुश्किल में पड़ सकती है समाजवादी पार्टी
सपा की तरफ से नाम लिखाओ, 300 यूनिट बिजली मुफ्त पाओ अभियान चलाया जा रहा है। कई राजनीतिक दलों ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की थी। आयोग ने मैनपुरी जिला निर्वाचन अधिकारी से इस बारे में रिपोर्ट मांगी है।
02:01 PM, 23-Jan-2022
UP Chunav News : सपा ने ओपिनियन पोल पर रोक लगाने की मांग की
समाजवादी पार्टी ने न्यूज चैनलों पर दिखाए जा रहे ओपिनियन पोल पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। चुनाव आयोग को लिखे पत्र में सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि ये ओपिनियन पोल आचार संहिता का उल्लंघन है। इससे मतदाता भ्रमित हो रहा है।
01:56 PM, 23-Jan-2022
UP Vidhansabha chunav: बसपा के स्टार प्रचारकों की सूची जारी
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए 18 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। स्टार प्रचारकों की सूची में मायावती के भाई आनंद कुमार को भी शामिल किया गया है। पहले चरण के स्टार प्रचारक की सूची में मायावती, आनंद कुमार, सतीश चंद्र मिश्रा, मुनकाद अली, समसुद्दीन राईन, सतपाल पीपला, गोरे लाल जाटव, राजकुमार गौतम, सूरज सिंह जाटव, आशीर्वाद आर्य, नकुल दुबे, प्रदीप जाटव, श्री प्रताप सिंह बघेल, दिनेश कुमार काजीपुर, डॉ कमल सिंह, राज करतार सिंह नागर, चांद सिंह कश्यप, सत्य प्रकाश का नाम शामिल है।
01:51 PM, 23-Jan-2022
UP Chunav : अनुराग ठाकुर बोले- 10 मार्च को अखिलेश बोलेंगे ईवीएफ वेबफा है
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने लखनऊ में डोर टू डोर कैंपेन के दौरान कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग कहते हैं कि ये नई सपा है। लेकिन मैं कहा हूं कि ये वही सपा है, जिससे जनता खफा है और 10 मार्च को अखिलेश जी कहेंगे कि ईवीएफ बेवफा है।
01:46 PM, 23-Jan-2022
UP Election 2022 : कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ कार्रवाई
अलीगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद सलमान इम्तियाज को जिला बदर घोषित कर दिया गया है। इम्तियाज अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी का पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष है। उस पर सीएए-एनआरसी के प्रदर्शन के दौरान उपद्रव करने का आरोप है। एडीएम कोर्ट ने 80 लोगों को जिला बदर घोषित करके उनके खिलाफ नोटिस जारी किया है। इसमें इम्तियाज का नाम भी है।
12:22 PM, 23-Jan-2022
UP Chunav news : सपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची
समाजवादी पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसमें 30 नेताओं को शामिल किया गया है। सूची में सबसे पहला नाम पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का है। इसके बाद अखिलेश यादव इस सूची में सबसे बड़े स्टार प्रचारक हैं। पार्टी ने तीसरे नंबर पर किरण मय नंदा को रखा है जो कि पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य और पार्टी के महासचिव राम गोपाल यादव और जया बच्चन को स्टार प्रचारक बनाया गया है।
स्टार प्रचारकों की सूची में डिंपल यादव को छठा स्थान मिला है। वहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल को सातवां और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी को 8वें नंबर पर रखा गया हैं। भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए पिछड़े वर्ग के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य को पार्टी ने 11वें नंबर पर स्टार प्रचारक बनाया है। हालांकि, इस सूची में सपा सांसद आजम खान और उनके परिवार के सदस्यों का नाम नहीं है।
11:59 AM, 23-Jan-2022
UP Chunav : मायावती पर आचार्य प्रमोद का पलटवार
कांग्रेस और प्रियंका गांधी को लेकर मायावती के दिए बयान पर अब कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद ने पलटवार किया है। उन्होंने मायावती का ट्विट रीट्विट करके हुए लिखा, प्रियंका गांधी सीएम नहीं, बल्कि पीएम फेस हैं।
11:53 AM, 23-Jan-2022
UP Election news : तीन जिलों के डीएम बदले, दो जिलों के एसपी को हटाया
आचार संहिता लागू होते ही चुनाव आयोग एक्शन में है। आयोग ने रविवार को कानपुर, फिरोजाबाद और बरेली के जिलाधिकारी का ट्रांसफर कर दिया। इसके अलावा फिरोजाबाद और कौशांबी के एसपी को भी हटा दिया है।