चेन्नई एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए इस महिला ने क्या कुछ नहीं किया। महिला को यकीन था कि वह अपने मकसद में कामयाब हो जाएगी। लेकिन अधिकारियों की सतर्कता के चलते महिला की सारी होशियारी धरी की धरी रह गई।
दरअसल, 29 मार्च 2019 को एक महिला विदेश से भारत लौटी। मूल रूप से थाईलैंड की रहने वाली क्रायसॉर्न थामप्राकोप नाम की महिला को कस्टम अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि क्रायसॉर्न बड़ी होशियारी से डेढ़ किलो सोने की तस्करी कर रही थी। चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद इस महिला ने कस्टम अधिकारियों की आंखों में धूल झोंक कर बाहर निकलने की कोशिश की।
लेकिन पार्किंग के पास सीमा शुल्क के अधिकारियों ने जब क्रायसॉर्न को रोका तो उसके होश उड़ गए। पहले क्रायसॉर्न ने चालाकी दिखाने की कोशिश की लेकिन जब क्रायसॉर्न की जांच की गई तो अधिकारियों के होश उड़ गए।
क्रायसॉर्न ने अपनी ब्रा में करीब डेढ़ किलो सोना छिपा रखा था। बरामद किए गए सोने की कीमत करीब 47 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है। इसके साथ ही कस्टम अधिकारियों ने उस शख्स को भी पकड़ लिया है जिसे क्रायसॉर्न सोना देने वाली थी।
क्रायसॉर्न यहां लवलीन कश्यप नाम के शख्स को सोना देने आयी थीं। जानकारी के मुताबिक, लवलीन चंडीगढ़ का रहने वाला है। सीमा शुल्क अधिकारी जांच कर रहे हैं कि कहीं ये दोनों अकसर तस्करी करने में लिप्त तो नहीं रहे हैं। बैंकॉक में रहने वाली लवलीन की गर्लफ्रेंड सपना ने ही क्रायसॉर्न को सोना दिया था और लवलीन को सौंपने को कहा था।