Navratri Celebration 2022: 26 सितंबर से शारदीय नवरात्रि शुरू हो रही है। नौ दिन के माता रानी के इस पवित्र पर्व की तैयारियां भी की जाने लगी हैं। नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना यानी कलश स्थापना की जाती है और घर के मंदिर में माता रानी को स्थापित किया जाता है। नवरात्रि में भक्त उपवास करते हैं। कुछ लोग नौ दिन का तो कुछ पहला और आखिरी दिन व्रत रखते हैं। माता का श्रृंगार, भोग, कन्या पूजन, हवन समेत नवरात्रि में कई सारे कार्य होते हैं। जिनके लिए कई सारी चीजों की भी जरूरत होती है। अगर आप भी नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाते हैं और नवरात्रि में घटस्थापना करते हैं तो नवरात्रि की खरीदारी कर लें। नवरात्रि की पूजन सामग्री से लेकर माता के श्रृंगार और उपवास के लिए सामान की लिस्ट बना लें ताकि किसी चीज की कमी न रह जाए।
माता के श्रृंगार के सामान की लिस्ट
नवरात्रि में आप माता की प्रतिमा या कोई तस्वीर सामने रखकर उनकी पूजा करते हैं। नवरात्रि के मौके पर नवदुर्गा का श्रृंगार किया जाता है। देवी के श्रृंगार के लिए आपको माता की चुनरी, कुमकुम, लाल बिंदी, आलता, लाल चूड़ियां, सिंदूर, शीशा और मेहंदी आदि सामान की जरूरत होती है। इसकी लिस्ट बनाकर खरीदारी कर लें।
इसके अलावा माता की चौकी भी सजानी होती है। माता की चौकी के लिए लाल रंग का कपड़ा बिछाया जाता है। मोतियों या फूलों की माला पहनाई जाती है। आप लाल रंग की साड़ी भी माता दुर्गा को अर्पित कर सकते हैं।
नवरात्रि पूजन की लिस्ट
नौ दिन के नवरात्रि उत्सव में पूजा के सामान की जरूरत होती है। अगर आप घटस्थापना कर रहे हैं, तो नवरात्रि पूजन सामग्री की लिस्ट बना लें।
- घटस्थापना के लिए कलश
- जौ बोने के लिए मिट्टी का पात्र,
- जौ बोने के लिए शुद्ध साफ मिट्टी
- जौ, अगर जौ न मिले तो गेहूं
- गंगाजल
- रोली
- कलावा
- सुपारी
- दूर्वा
- पीतल, तांबे या स्टील का एक लौटा, जल से भरा हुआ
- कलश को ढकने के लिए मिट्टी या तांबे का ढक्कन
- कलश में रखने के लिए एक सिक्का
- पीपल या आम के पत्ते
- रेशेदार ताजा नारियल
- हवन के लिए सूखा नारियल
- हवन सामग्री
- फूल
- पान
- रुई बत्ती
- तिल का तेल या घी
- दीपक जलाने के लिए दीया
- भोग के लिए मिठाई और फल