Famous Durga Mata Temple In Delhi: नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो गया है। आज से माता दुर्गा अपने भक्तों के घर वास करने आती हैं। माता दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा नवरात्रि के मौके पर की जाती है। लोग उपवास करते हैं और माता दुर्गा की पूजा व आरती करते हैं। इस मौके पर जो लोग घर पर घटस्थापना नहीं कर पाते, वह माता के मंदिर में दर्शन के लिए जाते हैं। वैसे तो देशभर में कई सारे प्रसिद्ध माता के मंदिर, शक्तिपीठ और देवी के तीर्थ स्थल हैं लेकिन अगर आपको तीर्थ स्थल जाने का मौका नहीं मिल पा रहा, तो आप अपने शहर के ही किसी मंदिर में मां अष्टभुजा के दर्शन कर सकते हैं। अगर आप दिल्ली के रहने वाले हैं तो इस नवरात्रि में राजधानी के प्रसिद्ध दुर्गा माता मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना के लिए भी जा सकते हैं। ये रहे दिल्ली के प्रसिद्ध दुर्गा माता मंदिर, जहां नवरात्रि में मां का आर्शीवाद लेने जा सकते हैं भक्त।
नई दिल्ली कालीबाड़ी
दिल्ली एनसीआर में मां काली का सबसे पुराना मंदिर है। कालीबाड़ी दिल्ली में बंगाली संस्कृति का सबसे प्रमुख केंद्र है। यहां नवरात्रि के मौके पर बहुत भीड़ होती है। यहां पर दुर्गा पूजा के पंडाल भी लगते हैं। इस पर्व में कालीबाड़ी में उत्सव का माहौल होता है।
कालकाजी मंदिर
दिल्ली में स्थित कालकाजी मंदिर का इतिहास बहुत पुराना है। इस मंदिर में मां दुर्गा माता काली के अवतार में विराजमान हैं। मान्यता है कि महाभारत काल में पांडवों ने यहां पूजा की थी। लोगों की आस्था है कि अगर आप की कोई मन्नत है तो कालकाजी मंदिर जरूर जाएं। नवरात्रि के दौरान यहां पर बहुत भीड़ होती है।
गुफा वाला मंदिर
राजधानी के सबसे पुराने मंदिरों में शामिल गुफा वाला मंदिर पूरी तरह से माता वैष्णो देवी को समर्पित है। इस मंदिर में एक लंबी सी गुफा है। अर्धकुंवारी की तरह की इस गुफा से होकर लोग मंदिर में माता के दर्शन करने जाते हैं। लंबी गुफा के अलावा छोटी गुफाएं भी हैं, जहां माता कात्यायनी, चिंतपूर्णी और माता ज्वाला जी का मंदिर है। यह मंदिर प्रीत विहार में बना है।
झंडेवालन मंदिर
दिल्ली में झंडेवालन रोड पर स्थित इस मंदिर को अक्सर फिल्मों और टीवी सीरिल्स में दिखाया जाता है। यह मंदिर माता आदिशक्ति को समर्पित है। इस मंदिर में भी नवरात्रि में उत्साह और उमंग का माहौल होता है। दर्शन के लिए नवरात्रि के मौके पर झंडेवालन मंदिर भी जा सकते हैं।