Year Ender 2022: साल 2022 समाप्त होने वाला है और नया साल 2023 आने वाला है। वर्ष 2022 कोरोना महामारी के संकट से उभरने वाला साल रहा। दुनियाभर में कोविड-19 का प्रकोप जो पिछले दो सालों से फैला, इस साल उस में कमी आई। लोगों ने संक्रमण के खतरे से बचने के लिए कई तरह के घरेलू उपाय अपनाएं।सबसे ज्यादा घर पर योगाभ्यास किया गया। योग सेहतमंद रहने के लिए प्रभावी तरीका है। योग के अभ्यास से शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक स्वास्थ्य बेहतर हो सकता है। ऐसे में फिट रहने और मानसिक व भावनात्मक मजबूती के लिए वर्ष 2022 में कुछ योगासनों का अभ्यास चलन में रहा। यहां आपको ऐसे ही योगासनों के बारे में बताया जा रहा है जो वर्ष 2022 में बहुत अधिक चर्चित रहे।
खुद को बीमारियों से बचाने, वजन कम करने, सुंदर त्वचा और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए इन योगासनों को सबसे ज्यादा गूगल पर सर्च किया गया। ये रहे साल 2022 के ट्रेंडी योग।
वज्रासन
यह योग घुटनों के बल बैठकर किया जाता है। इस योग को खाने के बाद किया जा सकता है। वज्रासन करने के लिए पहले घुटनों के बल जमीन पर बैठ जाएं। अब दोनों पैरों के अंगूठे को आपस में मिलाते हुए एड़ियों को अलग रखें। हिप्स को एड़ियों से टिकाएं और हथेलियों को घुटनें पर रखें। पीठ को एकदम सीधा रखते हुए दोनों घुटनों को आपस में मिला लें। इस मुद्रा में कुछ मिनट बैठें। बाद में सामान्य अवस्था में आ जाएं।
सुखासन
शरीर के ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने के लिए सुखासन का अभ्यास किया जाता है। किसी भी तरह के इंफेक्शन से बचने के लिए यह योग लाभकारी है। इस आसन को करने के लिए मैट पर बैठकर दोनों घुटनों को फर्श पर रखने की कोशिश करें। हाथों को घुटनों के पास रखते हुए शरीर को सीधा और पेट को सामान्य अवस्था में रखें। शरीर को बिल्कुल ढीला छोड़ते हुए 10 मिनट इस अवस्था में रहने की कोशिश करें।
पर्वतासन
वर्ष 2022 में फिट रहने के लिए लोगों ने पर्वतासन का अभ्यास पसंद किया। इस आसन को करने के लिए पहले वज्रासन में बैठ जाएं। अब दोनों हाथों और पैरों को धीरे से जमीन पर रखें। वजन जमीन पर रखते हुए कमर को त्रिकोणीय आकार की तरह ऊपर की ओर स्ट्रेच करें। आसन के दौरान शरीर पर्वत जैसा दिखना चाहिए। कुछ देर इसी मुद्रा में रहें।
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।