हिमाचल प्रदेश में अलर्ट के बीच मंगलवार को पहाड़ी क्षेत्रों में ताजा हिमपात जबकि मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। हिमपात और हिमस्खलन अध्ययन प्रतिष्ठान मनाली (सासे) ने शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिले में छह जनवरी तक हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया है। उपायुक्तों को एडवाइजरी भी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक बुुधवार को भी प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। ताजा हिमपात और बारिश से नेशनल हाईवे जलोड़ीजोत, रोहतांग पास, एनएच-305, स्टेट हाईवे लाहौल स्पीति समेत 322 छोटी-बड़ी सड़कें बंद हो गई हैं।
सबसे ज्यादा लाहौल स्पीति में 177, शिमला में 83 और किन्नौर में 48 सड़कें बंद हैं। एचआरटीसी के करीब 175 रूट ठप हो गए हैं। 110 टांसफार्मर बंद होने से बिजली भी गुल है।
अटल टनल रोहतांग मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी बंद रही। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने मनाली से अटल टनल मार्ग से बर्फ हटाने का काम रोक दिया है। बर्फबारी और मूसलाधार बारिश से पूरे प्रदेश में शीतलहर ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं।
वहीं, कांगड़ा के जयसिंहपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत जालग के गांव लद्दी गदियाड़ा में सोमवार रात बिजली गिरने से घर में रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, पंखे, वायरिंग आदि जल गए हैं। लेंटर में भी दरारें आ गई हैं।