मैनपुरी में लोकसभा उपचुनाव के दौरान सोमवार को मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिला मतदाताओं ने घूंघट की ओट से जमकर वोट की चोट की। आधी आबादी कही जाने वाली महिलाओं ने मतदान कर जिम्मेदार नागरिक की पूरी जिम्मेदारी निभाई। शहर ही नहीं ग्रामीण अंचल की महिला मतदाता भी मतदान के लिए अपने बूथों पर पहुंचीं। कई स्थानों पर महिला मतदाताओं की पुरुषों की अपेक्षा लंबी-लंबी लाइनें लगी देखी गईं। ग्रामीण अंचल में महिलाएं घूंघट की ओट में वोट डालने पहुंचीं। पोलिंग बूथों पर जहां युवतियों की भीड़ रही, वहीं बुजुर्ग महिलाओं को लाइन में न लगाकर सीधे वोट डालने जाते देखा गया। महिला मतदाताओं की भीड़ ने इस बात को पूरी तरह से साबित कर दिया कि अब महिलाएं लोकतंत्र में मतदान करने में किसी प्रकार से पीछे नहीं हैं।
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह रहा। मतदान के लिए सुबह से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की कतारें लग गईं। जलपान से पहले मतदाता मतदान करने पहुंच गए। युवतियां और महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं।
किशनी और विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कई महिलाएं अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचीं। उन्होंने मतदान के बाद स्याही का निशान दिखाकर दूसरों से मतदान की अपील की।
पहली बार मतदान करने वाली युवतियों में खासा जोश रहा। भोगांव की रितिका, बेबी मुस्कान ने कपोजिट विद्यालय में बने पोलिंग बूथ पर मतदान किया। उन्होंने कहा कि हर मतदाता को मतदान करना चाहिए।
मतदान को लेकर मुस्लिम महिलाओं में भी जबरदस्त उत्साह रहा। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में भी महिला मतदाताओं की लंबी-लंबी लाइनें लगी देखी गईं। मुस्लिम महिलाओं ने बुर्का पहनकर मतदान किया। कई महिलाएं अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचीं।