बेल्थरारोड। नेपाल समेत पूर्वोत्तर राज्यों को जोड़ने वाले सरयू नदी पर निर्मित भागलपुर सेतु की मरम्मत का कार्य धीमी गति से चल रहा है। एक साल में भी पुल मरम्मत का कार्य पूरा नहीं हो सका। वहीं, भारी वाहनों के आवागमन के लिए लगाए गए हाइट गेज भी किसी वाहन ने तोड़ दिया है। इस पर भारी वाहनों का आवागमन शुरू होने से हादसे की आशंका बढ़ गई है।
दो दशक पूर्व निर्मित पुल की आधा दर्जन बार मरम्मत की जा चुकी है। फिर भी पुल की ठीक से मरम्मत नहीं हो सकी। इस साल जनवरी से ही मरम्मत के नाम पर पुल पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। मरम्मत का कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हुआ। सेतु निर्माण निगम के अवर अभियंता एके श्रीवास्तव के अनुसार, देवरिया और बलिया की सीमा पर भारी वाहनों की रोक के लिए बनाए गए हाइट गेज को अज्ञात वाहन द्वारा तोड़ दिया गया। इस कार्य में पुलिस प्रशासन की ओर से सहयोग नहीं किया जा रहा है। हालांकि हाइट गेज की सुरक्षा और पुल पर भारी वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर सहयोग की अपेक्षा की गई है। इस समय हाइट गेज मौके से गायब हो गया है। इसके चलते पुल पर भारी वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। ऐसे में निगम का मानना है कि इससे पुल पर हादसे की संभावना बढ़ गई है। निगम के परियोजना प्रबंधक एसपी सिंह ने पुलिस प्रशासन को पुन: पत्र भेजकर सहयोग की उम्मीद जताई है।