बरेली। सभी कयासों पर विराम लग गया। नगर निगम के मेयर पद पर किसी भी वर्ग का उम्मीदवार चुनाव लड़ सकेगा। सोमवार शाम आरक्षण का एलान कर दिया गया। यह सीट लगातार चौथी बार अनारक्षित रहेगी। इसके साथ ही सियासी सूरमाओं ने कमर कस ली है। मतदाताओं में अपनी पैठ के दावे के साथ अपनी उम्मीदवारी को दूसरे से बेहतर बताने की भी कवायद शुरू हो गई है। वहीं, पार्टियों ने भी जीत का दावा ठोंक दिया।
पद एक... दावेदार कई
भाजपा - 15 आवेदन आए हैं। इसके अलावा तीन नाम ऐसे हैं, जिन्होंने आवेदन तो नहीं किए लेकिन उन्हें टिकट की दौड़ में माना जा रहा है। कांग्रेस - छह आवेदन आए हैं। यहां तीन अन्य भी अपनी दावेदारी ठोंक रहे हैं।
सपा - नौ आवेदन हैं। तीन अन्य दावेदार भी हैं। इन्होंने भी आवेदन नहीं किए हैं, लेकिन टिकट की रेस में इन्हें माना जा रहा है।
बसपा - पांच आवेदन हैं। दो अन्य भी टिकट की जुगाड़ में हैं।
आमने-सामने
भाजपा का दावा विकास का, विपक्ष बोला...खोलेंगे पोल
विकास की बात पर मांगेंगे साथ
हमारे पास हर वर्ग से मजबूत प्रत्याशी हैं। भाजपा का ही मेयर बनेगा। साथ ही वार्डों में भी हमारा प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहेगा। शहर में विकास सर्वाधिक हुआ है। ऐसे में विकास को ही लेकर हम आगे बढ़ेंगे। जनता हमारे साथ है।
- डॉ. केएम अरोड़ा, महानगर अध्यक्ष, भाजपा
नहीं कराया यहां कोई विकास
हमारे पास हर दृष्टि से मजबूत दावेदार हैं। जनता में पकड़ रखते हैं। मेयर पद पर हम जीतेंगे। साथ ही वार्डों में भी जीत दर्ज करेंगे। शहर में कुछ भी विकास नहीं हुआ है। पूरा शहर गड्ढों में है। यही बात जनता के बीच में ले जाएंगे।
- अजय शुक्ला, महानगर अध्यक्ष, कांग्रेस
केवल सपने दिखाए, हकीकत में कुछ नहीं
मेयर हमारी पार्टी से ही बनेगा। एक-दो दिन में नाम की घोषणा हो जाएगी। प्रत्याशी चौंकाने वाला होगा। हम जनता को बताएंगे कि शहर को स्मार्ट बनाने का सपना दिखाकर गलियों का विकास तक नहीं करवाया। विकास नहीं हुआ है।
- शमीम खां सुल्तानी, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष, सपा
जनता को बताएंगे शहर का हाल
हमारी पार्टी ने निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेयर पद के लिए पांच दावेदार हैं। सभी मजबूत हैं। हम जीत की ओर आगे बढ़ेंगे। वार्डों में भी पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहेगा। उम्मीदवार के नाम की घोषणा जल्द होगी। शहर के हालात जनता को बताते हुए ही जनता के बीच जाएंगे। यहां विकास नहीं हुआ है।
- राजीव कुमार सिंह, मंडल प्रभारी, बसपा