राठ। आठ माह पहले बकरी को ट्रैक्टर से कुचलने के विवाद की रंजिश में तीन दबंगों ने दो लोगों को घेर कर मारपीट की। गंभीर हालत में एक को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे को जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मझगवां थाने के मल्हेटा गांव निवासी गोविंददास अहिरवार ने बताया मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनके छोटे भाई फूलचंद्र (55) गांव के सुनील सिंह (25) के साथ खेतों की ओर जा रहे थे। रास्ते में जूनियर हाईस्कूल के पास गांव के अनुपम सिंह, अंकित उर्फ छोटे व बृज नरेश सिंह ने रोक लिया। तीनों अवैध तमंचा व कुल्हाड़ी लिए थे। आरोप है तीनों ने फूलचंद्र व सुनील पर जानलेवा हमला कर दिया।
दोनों के साथ बुरी तरह से मारपीट की। गंभीर अवस्था में छोड़ कर भाग गए। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने 108 एंबुलेंस से नौरंगा सीएचसी में भर्ती कराया। अधीक्षक डॉ भरत राजपूत ने बताया दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया था। गोविंददास ने बताया फूलचंद्र की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। जहां देर शाम इलाज के दौरान हेलट अस्पताल में मौत हो गई।
गोविंद दास ने बताया आठ माह पूर्व आरोपियों ने उनकी बकरी को ट्रैक्टर से कुचल दिया था। विवाद के बाद दूसरी बकरी दी थी जिसे कुछ दिनों बाद ही गायब कर दिया था। उसी विवाद की रंजिश में मारपीट की गई।
वहीं मझगवां एसओ पंकज तिवारी ने कहा आरोपियों के खिलाफ मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज किया था। कहा मौत होने पर धाराएं बढ़ाईं जाएगी।