हमीरपुर। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव को लेकर नगर पालिका परिषदों व पंचायत अध्यक्ष पद की अनन्तिम आरक्षण सूची जारी कर दी है। इन पदों पर सात दिनों के अंदर आपत्तियां दी जा सकेंगी। इसके बाद अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा। सात सीटों में तीन सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं।
राठ संवाद के अनुसार नगर पालिका अध्यक्ष पद पर आरक्षण सूची जारी होते ही राजनीतिक उथल पुथल बढ़ गई है। अन्य पिछड़ा वर्ग से दावेदारी ठोंक रहे संभावित उम्मीदवारों की बांछें खिल गईं। अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए सीट आरक्षित होते ही नए उम्मीदवार सामने आने लगे हैं। सत्तारूढ़ दल भाजपा में भी टिकट के दावेदारों की भीड़ है। वर्ष 2017 में अनारक्षित सीट पर श्रीनिवास बुधौलिया ने निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में जीत दर्ज की थी। वर्तमान में वह भाजपा का दामन थामे हुए हैं।
भरुआसुमेरपुर संवाद के अनुसार नगर पंचायत अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने से चुनाव की तैयारी में जुटे दिग्गज परेशान हैं। वर्ष 2017 में पंचायत अध्यक्ष पद अनारक्षित था। उस समय कांग्रेस के आनंदी प्रसाद पालीवाल ने भाजपा के जयकरन सिंह को हराया था। इस बार यह सभी चुनाव में दोबारा किस्मत आजमाने के लिए आतुर थे। सभी ने अपने-अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर रखी थी, लेकिन जैसे ही आरक्षण सूची जारी हुई कि सभी दावेदारों के चेहरे लटक गए हैं। सभी ने आरक्षण पर आपत्तियां दाखिल करने की बात कही है। अनुसूचित वर्ग के दावेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कुरारा संवाद के अनुसार पंचायत अध्यक्ष की सीट अनुसूचित जाति महिला होने से सामान्य वर्ग व पिछड़ा वर्ग के संभावित दावेदारों के चेहरे में मायूसी छा गई है। अनुसूचित जाति के संभावित प्रत्याशियों में खुशी की लहर है। वर्ष 2017 में पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अनारक्षित था। इसमें सपा के बैनर तले श्रीकांत गुप्ता ने चुनाव जीता था। सामान्य वर्ग के करीब एक दर्जन संभावित प्रत्याशी नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए तैयारी कर रहे थे। पिछड़ा वर्ग के आधा दर्जन संभावित प्रत्याशी इस बार चुनाव में अपनी किस्मत आजमाना चाहते थे। मौदहा संवाद के अनुसार नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार आरक्षण सूची जारी होते ही कुछ मायूस तो कुछ खुश हैं।
आरक्षण की स्थिति
नगर पालिका
हमीरपुर- अन्य पिछड़ा वर्ग
राठ- अन्य पिछड़ा वर्ग (महिला)
मौदहा- अन्य पिछड़ा वर्ग (महिला)
-
नगर पंचायत
कुरारा-अनुसूचित जाति महिला
सुमेरपुर-अनुसूचित जाति
सरीला- अनुसूचित जाति
गोहांड-अनारक्षित
--