बिलसंडा। पहाड़गंज गांव की 32 वर्षीय गुलशन बेगम ने दबंग से परेशान होकर मंगलवार सुबह फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी युवक वसीम की तलाश शुरू कर दी है।
महिला के पति फैजान अली ने बताया कि 14 साल पहले उसकी शादी हुई थी। पांच माह से वसीम उसकी पत्नी को परेशान कर रहा था। युवक अविवाहित है। अक्सर गांव में उसका लोगों से झगड़ा होता रहता है। महिला के परिवार वालों ने वसीम के पिता से शिकायत की तो उन्होंने उसे समझाने का आश्वासन दिया। कई बार दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई, मगर वसीम की हरकतें नहीं रुकीं, बल्कि वह महिला को और ज्यादा परेशान करने लगा। सोमवार शाम को वसीम घर में घुस आया। परिवार वाले पुलिस से शिकायत करने जा ही रहे थे, तभी वसीम के परिजन ने यह कहकर रोक लिया कि अब दोबारा वह कोई कोई हरकत नहीं करेगा।
मंगलवार सुबह महिला जब घर पर अकेली थी, तो युवक फिर आ धमका और उसे परेशान करने लगा। परेशान होकर महिला ने सुबह करीब दस बजे फंदे से लटककर जान दे दी। जानकारी मिलने पर जब परिजन घर पहुंचे, तो महिला का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पति की तहरीर पर पुलिस ने वसीम के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसओ अचल कुमार ने बताया कि युवक महिला को परेशान करता था। पूर्व में परिजन ने कभी शिकायत नहीं की।
-----
आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। जांच कर साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं।
- मनोज कुमार यादव, सीओ बीसलपुर