मास्टरबाग (सीतापुर)। थाना कमलापुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक अधेड़ का शव संदिग्ध हालत में सड़क किनारे पड़ा पाया गया। जिसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के सिंहपुर मजरा शाह जलालपुर में शुक्रवार सुबह नित्य क्रिया करने गए लोगों ने गांव से 100 मीटर की दूरी पर जंगल में कच्ची सड़क किनारे एक अधेड़ का शव पड़ा देखा। शव कपड़े में लिपटा हुआ था। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कपड़े से बाहर निकाला। जिसके बाद जांच में पाया गया कि शव के शरीर पर चोट के निशान भी थे।
ग्रामीणों के मुताबिक अधेड़ आस पास के गांव में भीख मांगता था। उसके पास में प्लास्टिक की बोरी में रजाई रखी पाई गई। शाम होने पर किसी के भी दरवाजे पर वह सो जाता था। एसओ राजकरण शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों के मुताबिक मृतक भिखारी था। जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।