सीतापुर। निकायों के वार्डों की अनंतिम आरक्षण सूची जारी होने से तमाम उम्मीदवारों को ठिकाना बदलना पड़ेगा। चक्रानुक्रम आरक्षण से उन्हें धक्का लगा है। वहीं कई के चेहरे खिले हैं। उनके मुताबिक आरक्षण होने से उनकी दावेदारी पक्की है। जिनके मुताबिक वार्ड आरक्षित नहीं हो सका है। उन्हें निराश लगी है। प्रचार प्रसार पर खर्च धनराशि बेकार हो गई। कुछ दावेदारों ने आपत्तियों की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल वार्ड आरक्षण की अनंतिम सूची जारी होने के बाद अधिकतर दावेदार चुनावी की तैयारियों में जुट गए हैं।
सिधौली नगर पंचायत के 14 वार्डों की आरक्षण सूची जारी होने के बाद कई प्रत्याशियों का लगातार किए जा रहा जनसंपर्क थम गया। कुछ वार्डों के सामान्य रहने के कारण यहां से लगातार जीत हासिल कर रहे सभासद दोबारा जीत सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय हो गए हैं। जबकि आरक्षण का इंतजार कर रहे लोगों ने सूची में अपने वार्ड का आरक्षण बदल जाने के बाद मायूसी जाहिर की।
संतनगर पश्चिमी वार्ड के पिछड़ा वर्ग में आरक्षित होने के चलते यहां से प्रत्याशी के रूप में पहचान बना चुके विनीत मिश्र, डब्बू सिंह आदि ने कहा कि सीट का आरक्षण बदल जाने के बाद होर्डिंग व फ्लैक्स में लगा पैसा व्यर्थ हो गया। महोली आदर्श नगर पंचायत के विस्तारीकरण होने से तीन वार्ड बढ़े हैं। जिसकी संख्या अब 17 हो गई है। विस्तारीकरण के बाद शामिल किये गये ग्राम पंचायत के लोग सभासद के लिए अपनी किस्मत आजमाएंगे।
बदले हुए आरक्षण के तहत नगर पंचायत के चुनाव में वार्डों के बदलाव से भावी चुनाव में नये चेहरों के आने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। आरक्षण में हुए फेरबदल से सभासद के लिए तैयारियां कर रहे प्रत्याशी एक-दूसरे के वार्ड में चुनाव लड़ने के लिए गोटें बिछानी शुरू कर दी हैं। तंबौर अहमदाबाद नगर पंचायत की आरक्षण सूची देखकर चुनाव लड़ने के तमाम इच्छुक प्रत्याशी झूम उठे तो कुछ वार्डों में सामान्य वार्ड के इच्छुक लोग सीट आरक्षित होने से मायूस नजर आए। नगर पंचायत के17 सदस्यों की आरक्षण सूची में चार पिछड़ा वर्ग व एक अनुसूचित वर्ग और शेष 11 सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित की गई हैं। सभी वर्गों से छह महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
अनारक्षित वर्ग के लिए मुफीद रहा विजय लक्ष्मी नगर वार्ड
शहर मुख्यालय की नगर पालिका का वार्ड नंबर 26 विजय लक्ष्मीनगर एक बार फिर प्रस्तावित आरक्षण में अनारक्षित घोषित किया गया है। इसके पूर्व यह वार्ड कभी भी आरक्षित नहीं किया गया है। इस वार्ड से लगातार दो बार से अनिल गुप्ता व उनकी पत्नी सभासद हैं। इस बार भी चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। इसी तरह गदियाना और परेड वार्ड भी अनारक्षित रहा है।
पालिका के गठन से अब तक एक वार्ड नही किया गया आरक्षित
महमूदाबाद नगर पालिका के गठन के बाद हर पांच साल बाद पालिका चुनाव होते रहे। नगर पालिका में 25 वार्डों में से 24 वार्डो में आरक्षण प्रक्रिया लागू हुई लेकिन कभी भी वार्ड संख्या 21 बेलदारी टोला में आरक्षण लागू नहीं हो सका। हर बार वार्ड वासियों ने इसकी शिकायत की। इस बार भी वार्ड वासियों ने डीएम से लेकर सीएम तक शिकायत की लेकिन शिकायत का निस्तारण शून्य रहा और इस बार भी आरक्षण लागू नहीं हो सका। यह नगर में काफी चर्चा का विषय है। बेलदारी टोला में सभासद पद की कुर्सी पर कब्जा चक्र सुदर्शन पांडेय व प्रहलाद गुप्ता का ही रहा।