सीतापुर। जिले की दो ग्राम पंचायतों में 1.94 लाख रुपये का दुरुपयोग किया गया। जांच में दो प्रधान दोषी पाए गए। उनके अधिकार सीज कर दिए गए हैं। डीएम ने दोनों ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत के तीन-तीन सदस्यों को विकास कार्य की जिम्मेदारी दी है।
रामपुर मथुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत तुलापुर में मनरेगा से नाली निर्माण कराया जाना था। इस मद में मजदूरों के खाते में भेजी जाने वाली एक लाख तीन हजार तीन सौ रुपये का दुरुपयोग किया गया। मजदूरों के खाते में धनराशि न भेजकर व्यक्ति विशेष के खाते में भेजी गई। इस मामले में प्रधान नूरुल को दोषी पाया गया। डीएम अनुज सिंह ने यहां तीन सदस्यों की समिति का गठन किया है। अब समिति की ओर से विकास कार्य कराएं जाएंगे। इसके सदस्य रेशमा, रामू और ममता देवी हैं।
मछरेहटा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कुनेहटा लक्ष्मीरामपुर में हैंडपंप के रिबोर के नाम पर 91 हजार चार सौ रुपये का दुरुपयोग किया गया। जांच के बाद प्रधान सोबरन लाल को दोषी पाया गया। इस पर उनके अधिकार सीज करते हुए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति में सदस्य रेखा देवी, रामू और नंदरानी को डीएम ने जिम्मेदारी दी है।