सीतापुर। निकाय चुनाव में चुनी जाने वाली शहर की सरकार की कमान इस बार महिला शक्ति के हाथ में रहेगी। सोमवार को जारी चेयरमैन पदों की आरक्षण सूची के बाद सीतापुर नगर पालिका अध्यक्ष पद की कुर्सी महिला आरक्षित श्रेणी में आई है। आरक्षण से साफ हुई तस्वीर ने इस सीट पर कब्जा हासिल करने के लिए चुनाव तैयारियों में जुटे कई दिग्गजों का खेल भी बिगाड़ दिया है।
आरक्षण की जारी अनंतिम सूची में जिले की छह नगर पालिकाओं में से चार में अध्यक्ष पद अनारक्षित रहा जबकि एक सीट महिला और एक पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित श्रेणी में आई है। जबकि पांच नगर पंचायतों में चेयरमैन के दो पद अनारक्षित, एक पद महिला, एक अनुसूचित जाति और एक पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है। बीते चुनाव में अनारक्षित रहा सीतापुर नगर पालिका का पद इस बार महिला आरक्षित हुआ है।
शासन से घोषित अनंतिम आरक्षण के तहत लहरपुर, बिसवां, खैराबाद और महमूदाबाद नगर पालिका अध्यक्ष का पद अनारक्षित है जबकि मिश्रिख-नैमिषारण्य का पद पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। ऐसे ही नगर पंचायत में महोली का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए, सिधौली का पद पिछड़ा वर्ग के लिए, हरगांव की सीट महिला और तंबौर-अहमदाबाद और पैंतेपुर की सीट अनारक्षित हुई है। निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद पर घोषित आरक्षण सूची के बाद कई सीटों पर मनचाहा आरक्षण न मिल पाने से चुनाव तैयारियों में जुटे कई दिग्गजों के समीकरण बिगड़ गए हैं।
अब महिलाओं को आगे करने की तैयारी
विशेषतौर पर सीतापुर नगर पालिका से अध्यक्ष पद के लिए अभी तक विभिन्न राजनैतिक दलों से सिर्फ पुरुष दावेदार ही जोर अजमाईश में जुटे दिख रहे थे। लेकिन सूची के बाद यह सीट महिला आरक्षित हो जाने के बाद अब यहां का पूरा चुनावी परिदृश्य ही बदला नजर आने लगा है।
वर्तमान में शहरी निकाय के अध्यक्ष पद को हथियाने के लिए मौजूदा अध्यक्ष राधेश्याम जायसवाल व पूर्व विधायक राकेश राठौर सपा से तो सागर गुप्ता, आकाश अग्रवाल, राजेश शुक्ला, ललित श्रीवास्तव सहित अन्य कई दावेदार भाजपा से टिकट पाने की जोड़तोड़ में जुटे नजर आ रहे थे लेकिन अब समीकरण बदल जाने के कारण सभी दिग्गज अपने परिवार की महिलाओं को आगे कर टिकट और चुनाव की लड़ाई लड़ने की तैयारी में जुटने लगे हैं।
निकायों के अध्यक्ष पद के लिए जारी आरक्षण की अनंतिम सूची पर जन सामान्य की ओर से 12 जनवरी तक आपत्तियां दी जा सकती हैं। इस संबंध में लिखित आपत्तियां व्यक्तिगत रूप से भी लखनऊ स्थित सचिवालय के गेट नंबर-9 पर तय तिथि व समय से पूर्व तक प्राप्त कराई जा सकती है।
राम भरत तिवारी, एडीएम व उप जिला निर्वाचन अधिकारी