04:23 PM, 04-May-2019
राष्ट्रीय आपदा नियंत्रण बल के 65 बचाव और राहत दल फैनी प्रभावित राज्यों में विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं। ओडिशा में 44, पश्चिम बंगाल में 9, आंध्र प्रदेश में 3, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मेघालय में एक-एक दल और झारखंड, केरल और तमिलनाडु में दो-दो दल तैनात हैं।
02:27 PM, 04-May-2019
फैनी से ओडिशा में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों ने कहा कि आपदा के कारण मरने वालों की संख्या शुक्रवार को आठ थी, जो मयूरभंज जिले में चार और लोगों के मारे जाने के बाद बढ़कर 12 हो गई। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों से विस्तृत जानकारी आनी अभी बाकी है।
01:53 PM, 04-May-2019
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक मे कहा, 'फैनी के चलते 24 घंटे में रिकॉर्ड एक लाख बीस हजार लोगों को बाहर निकाला गया। जिसमें 3.2 लाख गंजम, 1.3 लाख पुरी से थे। रात भर में लगभग 9,000 आश्रयों में रहने वाले 7,000 रसोईयों को क्रियाशील किया गया। इस अभ्यास में 45,000 से अधिक स्वयंसेवक शामिल थे। हमारी नवीनतम रिपोर्टों के अनुसार, मौतें 10 से कम हैं।'
01:34 PM, 04-May-2019
उच्च शिक्षा सचिव आर सुब्रमण्यम ने कहा, '5 मई को ओडिशा में होने वाली नीट की परीक्षा को राज्य सरकार के अनुरोध पर स्थगित कर दिया गया है। फैनी के मद्देनजर राज्य सरकार राहत और पुनर्वास कार्य कर रही है। ओडिशा में परीक्षा की अगली तारीखों की एलान जल्द किया जाएगा।'
01:03 PM, 04-May-2019
एयर इंडिया ने फैनी की वजह से फंसे हुए यात्रियों के लिए दिल्ली-भुवनेश्वस के बीच आज अतिरिक्त उड़ानों की घोषणा की है।
12:55 PM, 04-May-2019
पश्चिम बंगाल में चक्रवात फैनी शनिवार की सुबह कमजोर पड़ गया। अब यह पड़ोसी बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है। क्षेत्रीय मौसम केंद्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शहर में रात में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और मध्यम से भारी बारिश हुई। अधिकारी ने बताया कि चक्रवात जिन जिलों से गुजरा, वहां किसी के हताहत होने या किसी बड़ी क्षति की कोई खबर नहीं है। ऐसी संभावना है कि 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार और गहरे दबाव के साथ यह दोपहर तक बांग्लादेश पहुंच जाएगा।
12:41 PM, 04-May-2019
एनडीआरएफ के डीआईजी ऑपरेशंस रणदीप कुमार राणा ने कहा, 'चक्रवाती तूफान फैनी अब कमजोर हो गया है और चक्रवात के रूप में पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों में पहुंच गया है। यह आगे बांग्लादेश की तरफ बढ़ रहा है। परिस्थिति अब नियंत्रण में है और इसका बहुत ज्यादा हानिकारक प्रभाव नहीं है। पश्चिम बंगाल में एनडीआरएफ की नौ टीमें मौजूद हैं।'
11:03 AM, 04-May-2019
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फैनी की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के लिए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी से बात की। प्रधानमंत्री ने केंद्र की ओर से हरसंभव मदद मुहैया कराए जाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
10:34 AM, 04-May-2019
फैनी के कारण शुक्रवार को झारखंड के रांची, जमशेदपुर, सिंहभूम, खूंटी, सिमडेगा में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह 5 बजकर 30 मिनट तक जमशेदपुर में रिकॉर्ड 64.2 एमएम बारिश हुई। वहीं रांची में 16.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा राज्य के कुछ अन्य जिलों में भी छिटपुट बारिश हुई।
10:29 AM, 04-May-2019
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह मई की सुबह ओडिशा जाएंगे। उन्होंने कहा कि तूफान फैनी के मद्देनजर परिस्थिति स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य का दौरा करुंगा।
10:25 AM, 04-May-2019
ओडिशा के बलरामपुर और जगतसिंहपुर का नजारा जहां फैनी ने काफी तबाही मचाई।
10:25 AM, 04-May-2019
एयर इंडिया फैनी से प्रभावित ओडिशा के नागरिकों की मदद के लिए आगे आया है। एयरलाइन का कहना है कि यदि कोई एनजीओ, नागरिक समाज या स्वयं सहायता समूह ओडिशा में चक्रवात से प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री पहुंचाना चाहते हैं तो हम उसे मुफ्त में भेज देंगे। इसके अलावा आज सुबह 9.45 से एयर इंडिया कोलकाता हवाई अड्डे पर अपनी सेवा शुरू कर देगा।
10:25 AM, 04-May-2019
मौसम विभाग का कहना है कि फैनी पहले के मुकाबले कमजोर होकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कोलकाता के उत्तर-पश्चिम पहुंच गया है। यह और कमजोर होगा और दोपहर तक बांग्लादेश चला जाएगा।
10:18 AM, 04-May-2019
Live: पश्चिम बंगाल में कमजोर हुआ फैनी का असर, बांग्लादेश की ओर बढ़ा
फैनी तूफान ने शुक्रवार को ओडिशा में अपना कहर बरपाया। अब यह 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम बंगाल के खड़गपुर पहुंच गया है। शनिवार दोपहर को नादिया और मुर्शिदाबाद जिसे से होते हुए यह तूफान बंगाल से बाहर निकलकर बांग्लादेश चला जाएगा। ओडिशा में इस तूफान ने जबरदस्त तबाही मचाई है। तूफान की रफ्तार इतनी तीव्र थी कि पेड़ जड़ से उखड़ गए, मोबाइल टावर, खंभे और बस तक उसके आगे नहीं टिक पाए।