उधमपुर। मीरपुर बिरादरी ने शुक्रवार को नगर के आदर्श कॉलोनी इलाके में स्थित वेद मंदिर में 76वां शहीदी दिवस मनाया। बिरादरी के सदस्यों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में सुबह आचार्य यादवेंद्र स्वामी के दिशानिर्देश में हवन करवाया गया। इसमें बड़ी संख्या में बिरादरी के लोगों ने आहुतियां डालीं। इसके बाद बिरादरी के सदस्य पार्क में एकत्रित हुए और शहीदी स्मारक पर फूल अर्पित कर कबालियों के हमले में शहीद हुए बिरादरी के लोगों को श्रद्धांजलि दी। पूर्व एडवोकेट सतीश चंद्र ने कबालियों द्वारा किए गए अत्याचारों की दास्तां सुनाई। बताया कि 1947 में कबायलियों के रूप में पाकिस्तान ने मीरपुर में हमला कर दिया था और हजारों बेकसूर लोगों की हत्या कर दी थी। जब तक सेना पहुंची तब तक कई लोगों ने जान गवां दी थी। मीरपुर आज भी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में है। उन्होंने कहा कि उस समय कबायली हमलावरों ने हमारा सब कुछ छीन लिया और हम में कइयों को बंदी बना लिया। अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस की सहायता से हम यहां पर पहुंचे और यहां मेहनत कर अपना जीवनयापन फिर से शुरू किया। इस अवसर पर डॉ. केसी शर्मा ने भी अत्याचारों की घटनाएं सुनाईं। कहा कि उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। मौके पर डॉ. जितेंद्र गुप्ता, धर्मवीर गुप्ता, सुरेश गुप्ता, अशोक गुप्ता, राकेश गुप्ता, अरविंद गुप्ता, सुरेंद्र अरोड़ा, नप उप प्रधान सरदार सुरेंद्र सिंह खालसा, व्यापार मंडल के प्रधान जितेंद्र बरमानी व अन्य लोग उपस्थित रहे।