06:50 PM, 25-Jan-2022
अपराधियों को टिकट देने के आरोप पर अखिलेश का पलटवार
सपा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद से भाजपा अखिलेश यादव की पार्टी पर लगातार हमले कर रही है। दागी उम्मीदवारों के नाम बताकर मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री समेत सभी नेता सपा को दंगाइयों की पार्टी बता रहे हैं। इन आरोप पर अखिलेश यादव का ट्वीट आया है। अखिलेश ने ट्वीट किया कि सपा के अब तक घोषित 195 में से 82 प्रत्याशियों की छवि आपराधिक है। यहां तक की मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री भी इसमें शामिल हैं।
05:47 PM, 25-Jan-2022
UP Election : सीएम योगी ने अखिलेश पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। बगैर नाम लिए योगी ने ट्विट किया, 'जनता ने 2017 में भ्रष्टाचारियों को चुना नहीं, हमने विगत 5 वर्षों के दौरान भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं! 10 मार्च, 2022 के बाद भी फिर से यही होगा...।'
04:57 PM, 25-Jan-2022
यूपी के शिक्षा मंत्री ने किया आरपीएन सिंह का स्वागत
आरपीएन सिंह के भाजपा में शामिल होने पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सतीश द्विवेदी ने स्वागत करते हुए ट्वीट किया।
04:45 PM, 25-Jan-2022
जेपी नड्डा और अमित शाह से मिले आरपीएन सिंह
भाजपा में शामिल होने के बाद आरपीएन सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपा मुख्यालय में मुलाकात की।
04:16 PM, 25-Jan-2022
कांग्रेस मुख्यालय से हटी आरपीएन सिंह की नेम प्लेट
आरपीएन सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस मुख्यालय पर लगी उनकी नेम प्लेट को हटा दिया गया।
03:47 PM, 25-Jan-2022
पत्नी के चुनाव लड़ने पर क्या बोले आरपीएन सिंह
पत्नी को भाजपा उम्मीदार के तौर पर चुनाव लड़ने की खबरों पर आरपीएन सिंह ने कहा कि मैं ही अकेला राजनीति में हूं, पार्टी जो दिशानिर्देश देगी उसको मैं जरूर करूंगा।
03:33 PM, 25-Jan-2022
उत्तर प्रदेश के लिए जनता दल यूनाइटेड की पहली सूची
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए जनता दल यूनाइटेड ने 20 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है।
03:21 PM, 25-Jan-2022
प्रधानमंत्री के सपनों को पूरा करने के लिए जो प्रयास होगा अवश्य करूंगा: आरपीएन सिंह
भाजपा में शामिल होने के बाद आरपीएन सिंह ने कहा कि अगर देश में राष्ट्र निर्माण करना है और देश को आगे बढ़ाना है तो मैं एक छोटे कार्यकर्ता की हैसियत से हमारे प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को पूरा करने के लिए जो भी प्रयास होगा अवश्य करूंगा। उन्होंने कहा कि 32 सालों तक मैं एक पार्टी में रहा ईमानदारी से, लगन से मेहनत की। परन्तु जिस पार्टी में इतने साल रहा अब वो पार्टी रह नहीं गई ना वो सोच रह गई जहां मैंने शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कई लोग मुझे कहते थे कि आपको भाजपा में होना चाहिए। उन सभी से मैं यही कहूंगा कि देर आए दुरुस्त आए।
03:17 PM, 25-Jan-2022
आरपीएन सिंह के साथ दो और कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल
कांग्रेस प्रवक्ता शशि वालिया और राजेंद्र अवाना ने भी आरपीएन सिंह के साथ भाजपा की सदस्यता ली। राजेंद्र अवाना कांग्रेस के प्रदेश सचिव थे।
03:09 PM, 25-Jan-2022
भाजपा में शामिल होते ही की मोदी सरकार के कामों की तारीफ
भाजपा में शामिल होने के बाद आरपीएन सिंह ने कहा कि पिछले सात साल में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो उत्तर प्रदेश का विकास हुआ है वो पूरे देश ने देखा है। पूर्वांचल में जिन योजनाओं का सपना देखा जाता था वो आज लोगों ने हकीकत में देखा है। कानून व्यवस्था को जिस तरह से पिछले पांच सालों में ठीक करने का काम हुआ उसे पूरे देश ने देखा है।
03:03 PM, 25-Jan-2022
जिस पार्टी में 32 साल रहा अब वो पार्टी नहीं रह गई कांग्रेस: आरपीएन सिंह
आरपीएन सिंह भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अनुराग ठाकुर, उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य और दिनेश शर्मा ने उन्हें भाजपा में शामिल किया। पार्टी में शामिल होने के बाद आरपीएन सिंह ने कहा कि 32 साल जिस पार्टी में रहा वो पार्टी अब वो पार्टी नहीं रह गई है।
02:55 PM, 25-Jan-2022
मनमोहन सिंह सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे आरपीएन सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने आज सुबह ही कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। राहुल गांधी के करीबी रहे आरपीएन सिंह उत्तर प्रदेश के पडरौना जिले से आते हैं। भाजपा उन्हें यहां से अपना उम्मीदवार बना सकती है। 2017 में यहां से भाजपा के स्वामी प्रसाद मौर्य जीते थे। मौर्य हाल ही में भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए हैं।
02:11 PM, 25-Jan-2022
कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले आरपीएन सिंह दिल्ली स्थित भाजपा दफ्तर पहुंच चुके हैं। थोड़ी देर में वो औपचारिक तौर पर वो भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
02:05 PM, 25-Jan-2022
कांग्रेस ने आरपीएन सिंह को बताया कायर
आरपीएन सिंह के इस्तीफा देने पर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने उन्हें कायर करार दिया है। सुप्रिया ने कहा कोई कायर और डरपोक ही हमारी बिलकुल विपरीत विचारधारा वाली पार्टी में जा सकता है।
01:43 PM, 25-Jan-2022
देश को अराजकता की आग में झोंकना चाहते हैं अखिलेश: ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि समाजवादी पार्टी की जो सूची आई है उसमें आतंकवाद के समर्थक लोग, माफिया, डाकू और हत्या करने वाले लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वो (अखिलेश यादव) पूरी तरह से देश को अराजकता की आग में झोंकना चाहते हैं। जब परिणाम आएगा तब इसका खामियाजा उनकी पार्टी को जरूर भुगतना पड़ेगा।