गौरी लंकेश और भौमिक शांतनु के बाद देश में एक और वरिष्ठ पत्रकार की हत्या कर दी गई। उनकी मां को भी कत्ल किया गया, हाल ऐसा किया कि तस्वीरें देखना मुश्किल होगा।
पंजाब के वरिष्ठ पत्रकार केजे सिंह(69) की गला रेत कर हत्या कर दी गई। वहीं उनकी मां गुरचरण कौर (92) को गला घोंट कर मारा गया। दोनों के शव मोहाली फेज-3बी2 स्थित मकान नंबर 1796 में अलग अलग कमरों में मिले।
केजे सिंह के पेट व गले पर चाकुओं से हमला किया गया। हत्यारे केजे सिंह की 20 साल पुरानी हरे रंग की फोर्ड आइकॉन कार और एलईडी भी ले गए हैं। केजे सिंह चंडीगढ़ में ‘इंडियन एक्सप्रेस’, ‘दा ट्रिब्यून’ और ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ में काम कर चुके थे।
उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के निर्देश पर पंजाब पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी है। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने कहा कि पुलिस की टीमें लूट समेत विभिन्न एंगलों पर काम कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक केजे सिंह अविवाहित थे और मां के साथ रहते थे। शहर में रहने वाले रिश्तेदार ही उन्हें दोपहर का खाना देने आते थे। शनिवार को सेक्टर-71 में रहने वाली बहन यशपाल कौर व भांजा अजय पाल खाना लेकर आए। करीब एक बजे जब वह पहुंचे तो केजे सिंह की कार वहां नहीं थी।