पूर्व भारतीय क्रिकेटर और यूपी सरकार में मौजूदा मंत्री चेतन चौहान ने रविवार को अंतिम सांस ली। उनका 73 साल की उम्र में गुरुग्राम में निधन हो गया। वे कोरोना से संक्रमित थे और यहां अपना इलाज करवा रहे थे। 21 जुलाई 1947 को यूपी के बरेली में जन्मे टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान ने 1969 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना डेब्यू मैच खेला था और मैदान में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। इसके बाद वे राजनीति में उतरे और मंत्री बने। आइए जानते हैं क्रिकेट और राजनीति से लेकर उनकी जिंदगी की जुड़ी कुछ खास बातें।
चेतन चौहान का जन्म बरेली में हुआ लेकिन उनके पिता के ट्रांसफर होने के बाद वह 13 साल की उम्र में पुणे शिफ्ट हो गए थे। उनके पिता सेना में कार्यरत थे। उन्होंने महाराष्ट्र और दिल्ली की तरफ से रणजी ट्रॉफी मैच खेले।
चेतन चौहान ने सितंबर 1969 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू किया था। इस मैच में उन्होंने पहले 25 मिनट तक कोई रन नहीं बनाया, लेकिन फिर लगातार दो बॉल पर चौका और छक्का लगाकर खाता खोला था।
1979 में ओवल टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ पहले विकेट के लिए चेतन चौहान ने सुनील गावस्कर के साथ मिलकर सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बनाया। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 213 रन की साझेदारी हुई थी।
चेतन चौहान बिना शतक लगाए टेस्ट करियर में दो हजार रन बनाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर हैं। सालों तक उनके नाम ये अनोखा रिकॉर्ड दर्ज रहा। हालांकि बाद में इस लिस्ट में शेन वॉर्न का नाम भी जुड़ गया।