वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर शाई होप इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में शतकीय पारी खेली। अपनी पारी के दौरान होप ने एक खास कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया और कई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।
शाई होप अब एशिया में सबसे कम पारियों में हजार वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए मात्र 15 पारियों का सहारा लिया, होप ने इस मामले में पाकिस्तान के स्टार खिलाड़ी बाबर आजम को पछाड़ा।
बाबर ने यह काम 17 पारियों में किया था। वहीं दक्षिण अफ्रीका के गैरी कर्स्टन ने 18, ज़हीर अब्बास/ग्राहम गूच/यासिर हमीद ने 19 पारियों में यह कारनामा किया था। भारत की तरफ से इस लिस्ट में सिर्फ शिखर धवन ही हैं जिन्होंने 20 पारियों में एशिया में अपने हजार रन पूरे किए थे।
होप एशिया में वेस्टइंडीज की तरफ से सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले संयुक्त रूप से दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। होप और मार्लन सैमुएल्स दोनों ने ही छह-छह बार यह कारनामा किया है। वहीं इस लिस्ट में आठ शतकों के साथ क्रिस गेल सबसे ऊपर हैं।
होप की यह पिछली नौ पारियों में पांचवीं सेंचुरी थी। वे पिछले 15 पारियों में भारत में तीन, बांग्लादेश में दो और श्रीलंका में एक शतक जड़ चुके हैं।