नोएडा के फेज दो थाना क्षेत्र में सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में श्रीकांत त्यागी द्वारा महिला से अभद्रता करने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। महिला से विवाद के दौरान श्रीकांत की बदजुबानी का वीडियो वायरल होने पर विपक्ष भाजपा पर हमलावर है। मामला तूल पकड़ने पर भाजपा श्रीकांत को पार्टी नेता कहने से पल्ला झाड़ रही है। शनिवार को इसी क्रम में भाजपा सांसद महेश शर्मा ओमेक्स सोसाइटी पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि श्रीकांत त्यागी भाजपा का नेता नहीं है। वहीं रविवार को एक बार फिर हंगामा हो गया। जानकारी के मुताबिक महिला से अभद्रता के आरोपी श्रीकांत त्यागी ने सोसायटी में गुंडे भेजकर वहां लोगों डराने की कोशिश की। मामला बढ़ता देख भाजपा सांसद महेश शर्मा मौके पर पहुंचे थे। अब भगोड़े श्रीकांत त्यागी पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। इससे पहले, सोमवार सुबह नोएडा अथॉरिटी की नोएडा के सेक्टर 93 में ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी पहुंची और श्रीकांत त्यागी के आवास में हुए अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू की।आरोपी श्रीकांत ने सरेंडर करने के लिए सोमवार को कोर्ट में आवेदन भी दिया है।
श्रीकांत त्यागी का शुक्रवार को कुछ पौधे लगाने को लेकर महिलाओं से विवाद हो गया था। महिलाओं ने भाजपा नेता पर पौधे लगाकर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया तो श्रीकांत ने एक महिला से अभद्रता करते हुए गालियां देकर धमका दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी नेता के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोसाइटी की महिलाओं का आरोप है कि भाजपा नेता ने सत्ता की हनक दिखाते हुए पौधे लगाकर एक स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने उन्हें रोका तो उन्होंने एक महिला से अभद्रता की और जमकर गालियां दीं। पति के बीच-बचाव करने पर उन्हें भी धमकी दी गई। इसके बाद सोसाइटी की अन्य महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने महिला को धमकाते हुए कहा, ‘तुम पौधे टच करोगी तो मैं तुम्हें टच करूंगा।’ इसके बाद महिलाओं की नाराजगी और बढ़ गई।
पुलिस ने केस दर्ज किया
पुलिस के मुताबिक, श्रीकांत त्यागी के खिलाफ महिला से गाली-गलौज और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह ऐसा करते नजर आ रहे हैं। आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के लिए टीमें बनाई गई हैं।
रविवार को सोसाइटी में सांसद के सामने हुआ हंगामा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को महिला से अभद्रता के आरोपी श्रीकांत त्यागी ने सोसायटी में गुंडे भेजकर वहां लोगों को डराने की कोशिश की। मामला बढ़ते देख भाजपा सांसद महेश शर्मा मौके पर पहुंचे। इस दौरान उनकी वहां पुलिस से तीखी झड़प हुई। सांसद महेश शर्मा ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी सस्पेंड हों। मैं सीएम योगी से शिकायत करूंगा। नोएडा पुलिस नाकाबिल है।