इन दिनों म्यूजिक रियलिटी शोज में खूब दिख रहीं अभिनेत्री नीतू कपूर इन शोज में अपनी हिट फिल्मों के सुपरहिट गानों पर भी थिरकती इन दिनों दिख ही जाती हैं। सुपरस्टार रणबीर कपूर की मां नीतू कपूर ने कपूर खानदान के सबसे कामयाब अभिनेताओं में से एक रहे ऋषि कपूर से ब्याह रचाने से पहले हिंदी सिनेमा में खूब धूम मचाई है। नीतू कपूर उन दिनों नीतू सिंह के नाम से पहचानी जाती थीं। वह उन कुछ कलाकारों में से एक हैं जिन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत एक बाल कलाकार के रूप में की और बड़े होकर भी खूब नाम कमाया। 1973 में आई फिल्म 'रिक्शावाला' में पहली बार उन्हें एक वयस्क किरदार में देखा गया और आगे के आठ साल तक उन्होंने ताबड़तोड़ फिल्में कीं। नीतू कपूर के जन्मदिन पर आइए जानते हैं उनके 10 दमदार किरदारों के बारे में, बताते हैं उन फिल्मों के बारे में जिनमें नीतू सिंह का अभिनय यादगार रहा और जिन फिल्मों को मील का पत्थर बनाकर उन्होंने अपने शानदार फिल्मी सफर को मंजिल तक पहुंचाया।
किरदार : गंगा / जमुना
फिल्म : दो कलियां (1966)
नीतू सिंह ने 1966 में आई फिल्म 'सूरज' से एक बाल कलाकार के रूप में ही अपने करियर की शुरुआत की थी। ऐसे तो कई कलाकार हैं जिन्होंने बचपन से ही फिल्मों को अपना लिया था लेकिन बचपन में दोहरा किरदार निभाने का कारनामा तो नीतू सिंह ने ही इस फिल्म में किया है। वह गंगा और जमुना दो जुड़वा बहनों के किरदार में नजर आईं जो वक्त आने पर अपने टूटते परिवार को बचाने का काम करती हैं।
किरदार : मार्गरेट
फिल्म : जहरीला इंसान (1974)
नीतू सिंह की ऋषि कपूर के साथ यह पहली फिल्म रही। इस फिल्म में वह एक क्रिस्चियन लड़की के किरदार नजर आईं। अर्जुन और मार्गरेट एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं और एक दूसरे से प्यार करने लगते हैं। वह शादी करना चाहते हैं लेकिन मार्गरेट के परिजन इस शादी के लिए तैयार नहीं होते। एक दिन मार्गरेट अर्जुन के साथ भाग जाती है। अर्जुन पहले से ही दिमागी रूप से बीमार होता है। वह मार्गरेट को लेकर खुद भी खाई में कूद जाता है। यह एक मार्मिक प्रेम कहानी है जिसमें ऋषि कपूर और नीतू सिंह के अलावा मौसमी चटर्जी और प्राण भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए।
किरदार : निशा
फिल्म : खेल खेल में (1975)
इस फिल्म में एक बार फिर नीतू सिंह और ऋषि कपूर साथ साथ नजर आए। इन दोनों के साथ राकेश रोशन भी मुख्य भूमिका में हैं। जैसा कि फिल्म का नाम है वैसे ही ये तीनों एक साथ एक कॉलेज में पढ़ते हैं और हंसी हंसी मजाक के बहुत शौकीन हैं। खेल खेल में ही एक दिन अनजाने में ही ये तीनों एक अपराध के भागी बन जाते हैं। फिल्म की शुरुआत तो कॉमेडी रोमांस से होती है लेकिन बाद में यही फिल्म सस्पेंस थ्रिलर का रूप ले लेती है। ऋषि और नीतू की यह पहली साथ में हिट फिल्म रही है। वर्ष 1992 में अब्बास मस्तान ने इसी फिल्म से प्रेरित होकर फिल्म 'खिलाड़ी' बनाई।
किरदार : वीरा नारंग
फिल्म : दीवार (1975)
इस फिल्म को वैसे तो अमिताभ बच्चन और शशि कपूर के लिए जाना जाता है लेकिन नीतू सिंह का भी इस फिल्म में शानदार किरदार रहा है। वह शशि कपूर के किरदार रवि की प्रेमिका के रूप में नजर आई हैं। कमाल की बात तो यह है कि नीतू सिंह इस फिल्म में शशि कपूर की प्रेमिका बनकर आईं हैं जबकि असलियत में वह उनके भतीजे ऋषि कपूर की पत्नी बनीं। नीतू इस फिल्म में एक संस्कारी लड़की के रूप में हैं जो किसी को भी पसंद आ जाती हैं।