रियलिटी शो एमटीवी रोडीज के ऑडिशन में एक लड़के को गाली देने के बाद से बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धुपिया सुर्खियों में हैं। उनपर फर्जी नारीवादी होने का आरोप लगाया जा रहा है। नेहा धूपिया का यह वीडियो इतना वायरल हो जाएगा इसका अंदाजा खुद उन्हें भी नहीं होगा। मामले को बढ़ता देख नेहा ने सोशल मीडिया पर सफाई भी दी। लेकिन लगता है हिंदुस्तानी भाऊ ने नेहा को माफ नहीं किया है।
बिग बॉस 13 के कंटेस्टेंट हिंदुस्तानी भाऊ ने नेहा धूपिया के इस 'इट्स हर चॉइस' पर ऐतराज जताया है। हिंदुस्तानी भाऊ ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वह नेहा धूपिया का क्लास लगा रहे हैं। वीडियो में भाऊ कह रहे हैं- 'आपने उस लड़के को कितनी गंदी गालियां दी हैं। पब्लिक ने आपको खूब काम दिया है लेकिन अब आप लोगों के दिल में जगह नहीं बना पाईं।'
भाऊ ने आगे कहा- आपने लड़के से कहा कि उसने थप्पड़ मारकर ठीक नहीं किया। पांच ब्वॉयफ्रेंड रखना लड़की की अपनी मर्जी हो सकती है लेकिन मैं जानना चाहता हूं थपप्ड़ नहीं मारता तो क्या आत्महत्या कर लेता। हम सब प्यार में विश्वास की उम्मीद करते हैं। लोगों की इज्जत करो, गालियां मत दो वरना फिर से ये लोग आपको घर पर बैठा देंगे। भाऊ ने लड़कियों से अपील करते हुए कहा है कि वे नेहा की बातों को फॉलो ना करें और किसी को प्यार में धोखा ना दें।
नेहा इन दिनों रियलिटी शो एमटीवी रोडीज के रिवॉल्यूशन सीजन में बतौर मेंटर देखी जाती हैं। इसी शो के एक एपिसोड में एक लड़की को थप्पड़ मारने पर नेहा धूपिया ने उस कंटेस्टेंट को नेशनल टीवी पर गुस्से में गालियां दीं। नेहा धूपिया का इस तरह का बर्ताव देखकर तमाम सोशल मीडिया यूजर्स उनकी काफी आलोचना कर रहे हैं। नेहा धूपिया ने अपने ट्विटर अकांउट पर एक बड़ा नोट लिखा। इस नोट में उन्होंने पूरी घटना के बारे में बताते हुए सफाई पेश की थी।