बॉलीवुड के 'शोमैन' राज कपूर की होली पार्टी पूरी इंडस्ट्री में मशहूर थी। इस होली पार्टी का आयोजन आरके स्टूडियो में किया जाता था। फिल्म इंडस्ट्री के तमाम दिग्गज अभिनेता और अभिनेत्रियां इस होली पार्टी में शामिल होते थे और जमकर मौज-मस्ती का दौर चलता था। राज कपूर की होली पार्टी में वैज्यंतिमाला, हेमा मालिनी, राजेश खन्ना, धर्मेंद्र, दिलीप कुमार, जीतेंद्र, राकेश रोशन, मनोज कुमार और जीनत अमान जैसे सितारे शामिल होते थे। पर उनके सबसे खास दोस्त देव आनंद राज कपूर की मशहूर मानी जाने वाली इस होली पार्टी में कभी शामिल नहीं हुए। आइए जानते हैं क्यों राज कपूर की होली पार्टी में शामिल नहीं होते थे उनके सबसे खास दोस्त देव आनंद..
राज कपूर और देव आनंद बहुत अच्छे दोस्त थे। इसके बाद भी वह कभी आरके स्टूडियो की मशहूर होली पार्टी में शामिल नहीं हुए। जबकि इंडस्ट्री के दूसरे कलाकार इस होली पार्टी में शामिल होने के लिए बेकरार रहते थे। राज कपूर की होली पार्टी में शामिल होने वाले कलाकार खुद को गौरवान्वित समझते थे। इसके बाद भी देव आनंद ने इस होली पार्टी से हमेशा दूरी बनाए रखी।
राज कपूर ने भी कभी देव आनंद को अपनी होली पार्टी में शामिल होने के लिए फोर्स नहीं किया। दरअसस, इसके पीछे देव आनंद की पसंद और नापसंद का सम्मान करना था। देव आनंद को होली खेलना पसंद नहीं था जिसके कारण वह कभी अपने दोस्त राज कपूर की मशहूर होली पार्टी में शामिल नहीं हुए।
अब न ही राज कपूर का आरके स्टूडियो बचा है और न ही वहां होली होती है। हालांकि, इंडस्ट्री में कई सेलेब्स अपने यहां होली पार्टी का आयोजन करते हैं, जिनमें कई मशहूर हस्तियां शामिल होती हैं। लेकिन जितने किस्से राज कपूर की होली पार्टी को लेकर हैं, शायद ही उतने किसी अन्य कलाकार की होली पार्टी के कभी होंगे।
राज कपूर की आरके स्टूडियो वाली होली पार्टी हमेशा सुर्खियों में रहती थी। यहां नाच-गाना, हुड़दंग और ग्लैमर सबकुछ होता था। इस होली में राजनीतिक हस्तियां और बड़े बॉलिवुड सिलेब्रिटीज शामिल होते थे। इस होली पार्टी में रंगों से भरा एक टैंक बनाया जाता था, जो भी पार्टी में शामिल होने आता था, उसे इस टैंक में फेंक दिया जाता था। यह भी कहा जाता है कि इस होली पार्टी में भांग घोंटने की जिम्मेदारी डायरेक्टर सुभाष घई को दी जाती थी।