स्वर कोकिला लता मंगेशकर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। इस बार लता मंगेशकर ने राज कपूर का एक पुराना वीडियो साझा किया है। राज कपूर एक बेहतरीन अभिनेता थे ये तो सभी जानते हैं लेकिन कम ही लोगों को पता होगा कि वो बहुत अच्छा गाते भी थे।
लता मंगेशकर ने जो वीडियो साझा किया है उसमें राज कपूर स्टेज पर परफॉर्म कर रहे हैं और अपनी ही फिल्म 'मेरा नाम जोकर' का गाना गा रहे हैं। राज कपूर के साथ संगीत की दुनिया से जुड़े बाकी लोगों को भी स्टेज पर देखा जा सकता है।
लता मंगेशकर ने कैप्शन में लिखा- 'राज कपूर जी गा रहे हैं। नमस्कार। हमारी फिल्म इंडस्ट्री में जो भी निर्देशक थे उनमें बहुत सारे लोग अच्छा संगीत समझते थे। जैसे ऋषिकेश मुखर्जी सितार बजाते थे। मगर राज कपूर साहब वायलिन, तबला, बांसुरी और पियानो बजाते थे और गाते भी थे। आप खुद ही सुन लीजिए।'
याद दिला दें कि राज कपूर के निर्देशन में बनी फिल्म मेरा नाम जोकर साल 1970 में रिलीज हुई थी। फिल्म में राज कपूर, मनोज कुमार, सिमी ग्रेवाल, ऋषि कपूर, धर्मेंद्र सिंह और दारा सिंह अहम भूमिका में थे। ये फिल्म राज कपूर के करियर की अहम फिल्मों में गिनी जाती है। इसके बनने में काफी समय लग गया था और प्रोडक्शन पर भी काफी पैसा खर्च हुआ था। फिल्म जब रिलीज हुई तो दर्शकों ने इसे खारिज कर दिया।