अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने बॉलीवुड की कई शानदार फिल्मों में अभिनय किया था। उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। आज सुशांत सिंह राजपूत फिल्म छिछोरे का एक साल पूरा हो चुका है। सिनेमाघर में रिलीज होने वाली उनकी यह आखिरी फिल्म थी। छिछोरे के एक साल पूरे होने पर अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और अभिनेता वरुण शर्मा ने सुशांत सिंह राजपूत को श्रद्धांजलि दी है।
फिल्म छिछोरे पिछले साल छह सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म की दर्शकों के अलावा समीक्षकों ने भी जमकर तारीफ की थी। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है। यह वीडियो में छिछोरे फिल्म की मेकिंग से लेकर प्रमोशन को दिखाया गया है। साथ ही सुशांत की कई तस्वीरें भी नजर आ रही हैं।
इस वीडियो को साझा करते हुए श्रद्धा कपूर ने अपने ट्वीट में लिखा, 'प्यार भरी याद में'। इसी वीडियो को छिछोरे फिल्म के अभिनेता वरुण शर्मा और निर्देशक नितेश तिवारी ने भी अपने ट्विटर अकाउंट पर साझा किया है। नितेश तिवारी ने वीडियो को साझा करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, 'आप हमेशा के लिए हमारे दिल में रहेंगे! #WeMissYouSush # 1YearOfChichhore'
सोशल मीडिया पर छिछोरे फिल्म से जुड़ा यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। सुशांत सिंह राजपूत के फैंस भी उनके इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे है। साथ ही अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बात करें फिल्म छिछोरे की तो इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूर और श्रद्धा कपूर के अलावा वरुण शर्मा, ताहिर राज भसीन, सहर्ष कुमार शुक्ला, नवीन पोलीशेट्टी और तुषार पांडे सहित कई कलाकार मुख्य भूमिका में थे।
फिल्म छिछोरे की कहानी कॉलेज के खूबसूरत और मस्ती भरे पलों पर आधारित है। जो जिंदगी की एक बड़ी सीख भी देती है। इस फिल्म को कहानी ने दर्शकों के दिलों को खूब जीता था। आपको बात दें कि सुशांत सिंह राजपूत का शव 14 जून को उनके घर में मिला था। उनकी मौत के बाद अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती सहित कई लोग सवालों के घेरे में हैं। फिलहाल इस मामले की सीबीआई, ईडी और एनसीबी जांच कर रही है।
पढ़ें: संजय राउत ने की कंगना रनौत पर आपत्तिजनक टिप्पणी, दीया मिर्जा ने कहा- 'माफी मांगे'