अनुष्का शेट्टी और प्रभास के अफेयर की खबरें काफी दिनों से आ रही हैं। कहा जा रहा है यह दोनों स्टार 'बाहुबली' फिल्म की शूटिंग के दौरान से ही एक दूसरे को डेट कर रहे हैं, हालांकि दोनों ने इस रिश्ते को कभी भी कबूल नहीं किया। प्रभास कुछ दिन पहले करण जौहर के चैट शो में आए थे जहां पर उनसे अफेयर से जुड़ा सवाल किया गया। प्रभास ने साफ-साफ तो कुछ नहीं कहा लेकिन कहीं न कहीं उनका चेहरा अनुष्का और उनके रिश्ते की गवाही दे रहा था। एस एस राजामौली के बेटे की शादी में शरीक होने के लिए प्रभास और अनुष्का भी जयपुर गए हैं। प्री-वेडिंग फंक्शन की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं जिसमें दोनों एक साथ खूब एन्जॉय करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर प्रभास और अनुष्का की एक ग्रुप सेल्फी वायरल हो रही है। इस सेल्फी में प्रभास अनुष्का के बगल में खड़े हैं और उनके कंधे पर हाथ रखा हुआ है। इस सेल्फी में इन दोनों के अलावा रामचरण के साथ कई और लोग भी नजर आ रहे हैं। तो वहीं कुछ तस्वीरों में अनुष्का कुछ और लड़कियों के साथ तस्वीर खिंचवाती हुई नजर आईं।
इन तस्वीरों के अलावा प्रभास और अनुष्का का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अनुष्का-प्रभास के अलावा राणा दग्गुबाती और एस एस राजामौली एक साथ राजस्थानी संगीत पर डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अनुष्का और प्रभास का इस तरह एक साथ डांस करना उनके फैंस के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।
सोशल मीडिया पर प्रभास के डांस करने की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। इन तस्वीरों में प्रभास काफी खुश नजर आ रहे हैं। तस्वीरों और वीडियो से इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि शादी में शरीक हुए सभी मेहमानों का राजस्थानी संगीत से स्वागत किया गया। इस संगीत का लुत्फ बाहुबली टीम के अलावा साउथ के स्टार्स ने जमकर लिया।
अनुष्का शेट्टी के अलावा राणा दग्गुबाती का एयरपोर्ट पहुंचने का वीडियो भी सामने आ गया है। आपको बता दें, राजामौली के बेटे कार्तिकेय की शादी पूजा के साथ 30 दिसंबर को कूकस स्थित 7 स्टार होटल में होगी। शादी में शरीक होने के लिए प्रभास, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी, जूनियर एनटीआर, नागार्जुन, राम चरण, जगपती बाबू के अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन भी अपने पूरे परिवार के साथ जयपुर पहुंच चुकी हैं।