सुशांत सिंह राजपूत अब इस दुनिया में नहीं रहे हैं, लेकिन उनके फैंस और करीबी उन्हें सोशल मीडिया पर याद करते रहते हैं। इतना ही नहीं सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद बॉलीवुड के ऐसे कई सितारें हैं जो उनके बारे में खुलासे भी करते रहते हैं। अब मशहूर लेखक चेतन भगत ने सुशांत सिंह राजपूत और उनके करियर को लेकर बड़ी बात बोली है।
चेतन भगत ऐसे लेखक हैं जिनकी किताबों पर बॉलीवुड में कई फिल्में बन चुकी हैं। उन्होंने हाल ही में एक निजी न्यूज चैनल से बात की। इस दौरान चेतन भगत ने अपने फिल्मी सफर और सुशांत सिंह राजपूत के मामले में ढेर सारी बातें कीं। उन्होंने बताया है कि सुशांत सिंह राजपूत फिल्म छिछोरे का श्रेय न मिलने पर काफी परेशान और निराश थे।
चेतन भगत ने कहा, 'सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म छिछोरे हिट साबित हुई थी, लेकिन उन्हें इस फिल्म का श्रेय नहीं दिया गया। इस वजह से बेचारे सुशांत सिंह राजपूत कुछ नहीं कर सके।' चेतन भगत से जब यह पूछा गया कि क्या यह बात सुशांत ने खुद उन्हें बोली थी तो उन्होंने कहा, नहीं उन्होंने यह बात अभिषेक कपूर को बोली थी कि श्रेय न मिलने से वह काफी परेशान रहते हैं।
इसके अलावा चेतन भगत ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में हो रही मीडिया कवरेज पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि दिवंगत अभिनेता के बारे में मीडिया में अंधाधुन खबरें चलाई जा रहा है। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म छिछोरे पिछले साल सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में थीं। जबकि निर्देशक नितेश तिवारी थे।