अचानक हुई बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत उनके फैंस और दोस्तों के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। उनकी मौत को दो महीने से ज्यादा हो गए हैं और उनके फैंस अभी भी सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करके उन्हें याद करते रहते हैं। इस बीच सुशांत सिंह राजपूत को अब मशहूर भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी सुरेश रैना ने याद किया है।
सुरेश रौना हाल ही में क्रिकेट से संन्यास लेने की वजह से चर्चा में थे। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में सुरेश रैना दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में सुशांत सिंह राजपूत टोपी पहने और बड़े बालों में नजर आ रहे हैं। जिससे साफ जाहिर होता है कि सुरेश रैना और सुशांत सिंह राजपूत की यह तस्वीर फिल्म एमएस धोनी अनटोल्ड स्टोरी के समय की है।
इस तस्वीर को साझा करते हुए सुरेश रैना ने सुशांत सिंह राजपूत के लिए भावुक ट्वीट लिखा है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'अब भी दुख है भाई लेकिन सच सामने आएगा।' सोशल मीडिया पर सुरेश रैना का ट्वीट और सुशांत सिंह राजपूत के साथ उनकी तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इन दोनों के फैंस तस्वीर को खूब पसंद कर रहे हैं।
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत का निधन 14 जून को हुआ था। उनका शव मुंबई के बांद्रा स्थित घर में मिला था। अचानक हुई उनकी मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया था। सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच शुरुआत में मुंबई और पटना पुलिस कर रही थी। इसके बाद अब यह मामला सीबीआई के पास पहुंच गया है। मुंबई में सीबीआई की एक टीम सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच कर रही है।