पिछले दिनों हिंदी सिनेमा जगत ने संगीत की दुनिया के बड़े सितारे वाजिद खान को खो दिया। एक जून को मुंबई के एक अस्पताल में महज 42 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। इरफान- ऋषि कपूर के बाद इंडस्ट्री के लिए वाजिद का जाना किसी सदमे से कम नहीं था। वाजिद के भाई साजिद को अभी भी उनके निधन पर यकीन नहीं हो रहा है। अब साजिद ने सोशल मीडिया पर वाजिद का एक अनदेखा वीडियो साझा किया है।
वीडियो अस्पताल में बनाया गया था जिसमें वाजिद अस्पताल के बेड पर हैं और फोन पर पियानो बजा रहे हैं। संगीत के प्रति उनकी दीवानगी इस कदर थी कि अस्पताल में रहते हुए भी गानों और संगीत से जुड़े रहे। वीडियो के साथ साजिद ने एक बेहद भावुक कर देने वाला पोस्ट लिखा।
साजिद लिखते हैं कि 'दुनिया छूट गई, सब कुछ छूटा, ना तूने कभी म्यूजिक छोड़ा, ना म्यूजिक तुझे कभी छोड़ेगा। मेरा भाई एक लीजेंड है और लीजेंड कभी मरते नहीं। मैं तुम्हें हमेशा प्यार करूंगा। मेरी खुशी में, मेरी दुआओं में, मेरे नाम में तू हमेशा रहेगा।'
वाजिद खान को मुंबई के वर्सोवा कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया था। उस दौरान साजिद को कैमरे में कैद किया गया था। नम आंखों से साजिद ने भाई को अंतिम विदाई दी। इस दुख की घड़ी में बड़ी मुश्किल से उन्होंने खुद को संभाला था।