लॉकडाउन के बीच दोबारा शुरू हुए रामायण के प्रसारण से लोग बहुत खुश हैं। इसका हर एपिसोड दर्शक बड़े चाव से देख रहे हैं। रामायण के चलते ही दूरदर्शन की टीआरपी का मीटर दौड़ने लगा है, तो वहीं सोशल मीडिया यूजर्स को इससे मीम्स बनाने का मौका मिल रहा है। रामानंद सागर की रामायण का हर किरदार 33 साल बाद फिर जिंदा हो गया है।
रामयाण में भगवान श्रीराम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल पर ट्विटर पर काफी एक्टिव हो गए हैं। लेकिन कुछ वक्त पहले उनके नाम से एक फर्जी ट्विटर अकाउंट चलाया जा रहा था। इस अकाउंट को देखकर तो खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी धोखा खा गए थे। उन्होंने इस अकाउंट से किए गए एक ट्वीट को रीट्वीट कर दिया था।
हाल ही अरुण गोविल का ट्विटर अकाउंट वेरीफाइड हुआ है। इसके बाद उन्होंने ट्वीटर से @RealArunGovil को सस्पेंड करने को कहा था। इसको चलाने वाले ने दावा किया था कि वो अरुण गोविल का शिष्य है और उनकी ही अनुमति से ये अकाउंट चला रहा है।
इसके बाद खुद अरुण गोविल ने खुद सामने आकर सच्चाई बताई थी। उन्होंने कहा था कि उनका ट्विटर हैंडिल @arungovil12 है। अरुण गोविल की बात मानते हुए अब ट्विटर की तरफ से @RealArunGovil ट्विटर हैंडिल पर एक्शन लिया गया है। अब इस फर्जी अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया।
बता दें कि इन दिनों अरुण गोविल सोशल मीडिया के जरिए रामायण पर दर्शकों से रोज चर्चा कर रहे हैं। अब उन्होंने रामायण के सेट की एक पुरानी तस्वीर शेयर की थी, जिसमें कलाकारों के अलावा सेट पर काम करने वाले और दूसरे लोग भी नजर आ रहे थे। अरुण गोविल ने इसे शेयर करते हुए लिखा, 'रामायण परिवार, ये है टेलीविजन के इतिहास में सबसे गौरवशाली कीर्तिमान बनाने वाली टीम। रामानन्द सागर जी के नेतृत्व में सिनेमा जगत से सबसे विलक्षण, प्रतिभावान और भाग्यवान कलाकार।'
प्राइम टाइम में इंटरव्यू के दौरान तैमूर को स्क्रीन पर लाना क्या सैफ को लगा था अजीब, अभिनेता ने दिया ये जवाब