हरियाणा के भिवानी जिले में 12 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कृषि मंत्री जेपी दलाल और उद्योगपति कृष्ण जिंदल मंच पर पहुंच गए हैं। 14 साल छह माह बाद दूसरी बार किसी राष्ट्रपति के आगमन को लेकर गांव सूई में उत्सुकता बनी हुई है। गांव दुल्हन की तरह सजाया गया है। वहीं, ग्रामीणों ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के स्वागत के लिए भी पलक पांवड़े बिछा दिए हैं। राष्ट्रपति के आगमन से पहले रातोंरात विकास कार्य पूरे कराने में अधिकारी भी देर रात तक काम पर जुटे हुए थे। राष्ट्रपति महोदय के आगमन से पूर्व भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धर्मवीर सिंह ने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र के 100 युवाओं को सब इंस्पेक्टर की नौकरी बगैर पर्ची-खर्ची मिली। वहीं, मुख्यमंत्री ने सोई गांव में बॉक्सिंग एथलेटिक्स एकेडमी बनाने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि सूई से बापोड़ा तक सड़क बनाई जाएगी। भिवानी शहर से आने वाले गंदे पानी को संशोधित करने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाएंगे। 50 एकड़ जमीन उपलब्ध होने पर यहां क्लस्टर का उद्योग लगाया जाएगा।
पिछले एक पखवाड़े से राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियां चल रही थी। सुरक्षा के लिए गांव सूई में पड़ोसी जिलों से भी भारी संख्या में पुलिस बल मंगवाया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को भी विशेष जगहों पर तैनात किया गया है। गांव के मुख्य रास्तों को भी राष्ट्रपति के स्वागत में सजाया गया है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की भी कार्यक्रम को लेकर विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं।
भिवानी जिले के स्वप्रेरित आदर्श गांव सूई में भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धर्मवीर सिंह, हिसार से सांसद बृजेंद्र सिंह, स्थानीय विधायक विशंभर बाल्मीकि आउटडोर मंच पर पहुंच गए हैं। वहीं, बिना अनुमति के किसी भी व्यक्ति या कर्मचारी व अधिकारी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे में परमिशन लेने वाली मीडिया ही कार्यक्रम की नजदीक से कवरेज कर पाएगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई हैं।
इससे 14 साल पहले 2007 भिवानी के कलिंगा गांव में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम आए थे। उनके नजदीक जाने से किसी को नहीं रोका गया था, क्योंकि खुद राष्ट्रपति लोगों से गले मिल रहे थे। सुरक्षा एजेंसी के जवानों को भी उनके आसपास रहने के लिए कभी इधर तो कभी उधर दौड़ना पड़ रहा था।
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी उनके स्वागत के लिए पहुंचे हैं। राष्ट्रपति के साथ हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय भी मौजूद रहेंगे। जो कुछ देर बाद भिवानी पहुंचेंगे। वीवीआईपी की मौजूदगी से सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा भी कई स्तर पर की गई है।