बहराइच। जमीन विवाद व चुनावी रंजिश को लेकर शुक्रवार को रामगांव थाना क्षेत्र के मेटुकहा चौराहे पर दो पक्ष आमने सामने आ गए। इस दौरान जमकर ईंट-पत्थर व लाठियां चलीं। इसमें एक अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, छह लोग जख्मी हैं। गंभीर रूप से घायल एक युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर बितर किया। युवक की मौत के बाद से तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले में सात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, आरोपी पक्ष के लोग फरार हो गए हैं।
रामगांव थाना क्षेत्र के तारापुर-मेटुकहा निवासी अली अहमद व जाफर अली के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। इसी को लेकर रंजिश है। बीते विधानसभा चुनाव के दौरान भी विवाद हो गया था। शुक्रवार सुबह इसी को लेकर दोनों पक्षों में फिर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चलने लगे। गंभीर चोट लगने से अली अहमद के मामा मुजीबुर रहमान (50) की मेडिकल कॉलेज ले जाते समय मौत हो गई। अली अहमद, व दूसरे पक्ष के लियाकत अली समेत छह लोग घायल हो गए। लियाकत को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। वहीं, ईंट-पत्थर लगने दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना पर भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ा गया। अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने भी मौके का निरीक्षण किया।
अली अहमद ने बताया कि शुक्रवार को उनका ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मौरंग लेकर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षियों ने ड्राइवर को पकड़कर पीटना शुुरू कर दिया। जानकारी होने पर जब वह कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो हमला कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मामा मुजीबुर रहमान पर छत से ईंट बरसाई गई। सीने व पीठ पर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष रामगांव संजय सिंह ने बताया कि अली अहमद व जाफर अली पक्ष के बीच मारपीट हुई है जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अली अहमद की तहरीर पर सात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों के बीच काफी पहले से रंजिश थी। जांच की जा रही है।
अली अहमद ने बताया कि उनके पक्ष के लोग भाजपा समर्थक हैं। विपक्षी सपा के समर्थक हैं। आरोप है कि बीते विधानसभा चुनाव के दौरान इसे लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश में मारपीट की गई है। उन्होंने बताया कि उनके मामा मुजीबुर रहमान भाजपा कार्यकर्ता थे।
जाफर अली पक्ष के घायल लियाकत अली ने आरोप लगाया कि अली अहमद ने कई लोगों के साथ उनके घर पर हमला कर दिया था। उनकी दो बाइक भी तोड़ दीं। मारपीट से मुजीबुर की मौत होने की बात से उन्होंने इंकार किया। उनका कहना है कि मौत किसी और वजह से हुई है।
जमीन विवाद को लेकर घटना हुई है। चुनावी रंजिश की बात भी सामने आ रही है। ईंट-पत्थर व लाठियां चलने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर एक पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। घायलों की निश्चित संख्या पता नहीं है। तीन लोग ज्यादा जख्मी हैं। इनका इलाज चल रहा है। बाकी लोगों को मामूली चोटेें आईं हैं। ऐसे लोग सामने नहीं आ रहे हैं। हालांकि, करीब छह लोगों के जख्मी होने की सूचना मिली है। जांच की जा रही है जिसमें सब सामने आ जाएगा।
- अशोक कुमार, एएसपी ग्रामीण