बहराइच। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक सोमवार को संगठन के कार्यालय पर हुई। बैठक में लंबित मांगों के समर्थन में 29 नवंबर से होने वाले कार्य बहिष्कार की तैयारियों पर मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के संयोजक इंजीनियर नीरज पटेल ने कहा कि 17 नवंबर से लंबित मांगों को लेकर विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारी व सदस्यगण आंदोलित हैं, लेकिन शीर्ष प्रबंधन संगठन के पदाधिकारियों के प्रति लगातार उदासीन रवैया अपनाए हुए है। प्रबंधन संगठन की मांगों पर गंभीर नहीं है। इससे गहरा आक्रोश है।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष व समिति के सहसंयोजक सुशील कुमार गोस्वामी ने कहा कि ऊर्जा विभाग का शीर्ष प्रबंधन कर्मचारियों की न्याय संगत मांगों पर ध्यान न देकर उल्टे कर्मचारियों, अवर अभियंताओं व अभियंताओं का शोषण कर रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों व अधिकारियों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान सभी ने एक स्वर में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन की आवाज बुलंद करते हुए 29 नवंबर को सुबह आठ बजे से कार्य बहिष्कार की घोषणा की। इस मौके पर अवध यादव, अश्विनी कुमार कुशवाहा, जेपी तिवारी, जितेंद्र मौर्या आदि मौजूद रहे।