बदायूं। जवाहरपुरी पुलिस चौकी के नजदीक स्थित लॉन से सोमवार रात दुल्हन के सात लाख के जेवर चोरी हो गए। परिवार वालों को सुबह फेरों की रस्म के दौरान चोरी की जानकारी हुई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। पुलिस इसके आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव आमगांव निवासी हाकिम सिंह की बेटी आशु राठौर की सोमवार रात जवाहरपुरी पुलिस चौकी के नजदीक सांई लॉन में शादी थी। उसकी बरात थाना क्षेत्र के ही सनाय गांव से आई थी। परिवार वालों ने बताया दूल्हा कौशल कुमार पुत्र रक्षपाल सिंह शादी में सात लाख रुपये के जेवर लाया था। रात करीब एक बजे दूल्हा पक्ष की ओर से दुल्हन के परिवार वालों को जेवर दिए गए थे। दुल्हन पक्ष ने सारे जेवर एक कमरे में रख दिए थे। वहां कुछ महिलाएं बैठी हुईं थीं। दोनों पक्षों के लोग शादी की रस्मों में व्यस्त हो गए। इसी बीच मौका पाकर चोरों ने जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सुबह तीन बजे फेरों की रस्म के दौरान परिजनों ने तलाश की तो जेवरात वहां मिले ही नहीं। खोजबीन के दौरान एक पाजेब लॉन परिसर में पड़ी मिली। कमरे में बैठी महिलाओं ने बताया कि दो युवक आए थे। वह जेवर उठाकर ले गए थे। वह मामले को कुछ समझ नहीं पाईं थीं। इससे पहले दोनों चोर आराम से जेवर लेकर वहां से भाग गए। सुबह इसकी सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिनमें बाइक सवार दो चोर दिखे हैं। सिविल लाइंस पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया तहरीर आई है। मामले की जांच कराई जा रही है।