मुहम्मदाबाद गोहना। महरुपुर मोहल्ला निवासी एक महिला ने पति सहित सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया।
दर्ज मुकदमे के अनुसार नाजली पुत्री अफरोज का आरोप है कि वर्ष 2019 में महरूपुर मोहल्ला निवासी आमिर के पुत्र अफरोज के साथ उसका निकाह हुआ। शादी के बाद दहेज को लेकर पति, सास, ससुर, ननद और जेठ उसे प्रताड़ित करने लगे। इस बीच ससुराल वालों की मांग पर पिता ने सात लाख का दहेज और सामान भी दिया। कुछ दिन बाद उसका पति उसे दिल्ली लेकर गया लेकिन वहां भी उसे प्रताड़ित करता रहा। और दिल्ली जाने के 15 दिन बाद पति सारे आभूषण और गहने-नकदी लेकर फरार हो गया।
उसने इस बाबत दिल्ली पुलिस से शिकायत की। पुलिस के दबाव पर ससुराली जन ने पंचायत में विवाहिता के साथ सही व्यवहार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जब वह ससुराल पहुंची तो फिर से ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि उसे जान से मारने के लिए दिल्ली ले जाने की ससुराल वाले साजिश रच रहे थे। इसकी जानकारी होने पर उसने सास-ससुर, पति समेत सात के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया।