मधुबन। तहसील क्षेत्र के ढिलई फिरोजपुर ग्राम पंचायत के युवाओं को नए वर्ष में खेल मैदान की सौगात मिलेगी। ग्राम पंचायत में लाखों रुपये की लागत से निर्माणाधीन खेल मैदान का कार्य अंतिम चरण में है। ग्रामीण क्षेत्र में युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों में खेल मैदानों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में फतेहपुर मंडाव ब्लाक के ढिलई फिरोजपुर ग्राम पंचायत में 26 लाख 29 हजार की लागत से खेल का मैदान तैयार किया जा रहा है। 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। 31 दिसंबर तक कार्य पूरा होने की उम्मीद है। ब्लाक के बीडीओ जयेश कुमार सिंह ने बताया कि खेल मैदान को विभिन्न प्रकार की खेल सामग्रियों से लैस किया जाएगा। खेल मैदान में वॉलीबाल एवं बास्केटबाल कोर्ट, रेस्ट रूम, चार हाई मास्ट लाइट और ओपेन जिम होगा। इसके साथ ही वहां पौधरोपण के साथ चारों कोने पर घास लगाई जाएगी। बैठने के लिए बेंच, टहलने के लिए फुटपाथ का निर्माण के साथ प्रकाश की व्यवस्था कराई जाएगी।
सेना की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा ज्यादा लाभ
मधुबन। खेल का मैदान बन जाने से युवा सेना, अर्द्धसैनिक बल, पुलिस, सीआरपीएफ के लिए शारीरिक तैयारी कर सकेंगे। युवाओं को अब अपने गांव से बाहर निकलकर और जान जोखिम में डालकर सड़कों पर नहीं दौड़ना पड़ेगा। खेल मैदान बन जाने से गांव के युवाओं की खेल प्रतिभा भी निखरेगी। अधिकतर गांवों में खेल मैदान नहीं हैं। ऐसे में ग्रामीण परिवेश के खिलाड़ियों की प्रतिभा निखर नहीं पाती है।