मऊ। मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में बीएलओ की सुस्ती पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। समस्त उप जिलाधिकारियों को नियमित रूप से बीएलओ से संपर्क स्थापित कर इसकी समीक्षा करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी अरुण कुमार ने नगर स्थित भुजौटी कैंप कार्यालय में शनिवार की शाम को विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम सहित धान क्रय की स्थिति और अन्य योजनाओं की समीक्षा की। सभी तहसीलों में विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के दौरान बीएलओ द्वारा फार्म 6 की संख्या कई बूथों पर कम पाए जाने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने आधार सीडिंग में भी संतोषजनक प्रगति न मिलने पर तेजी लाने का निर्देश दिया। 18 से 19 वर्ष के वोटरों की संख्या में आशातीत वृद्धि न होने पर स्कूलों में कैंप लगाने एवं फार्म 6 उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिससे अधिक से अधिक युवा वोटरों को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
जनपद में जेंडर रेशियो में भी महिलाओं की संख्या मतदाता सूची में कम होने पर समस्त उप जिलाधिकारियों को अधिक से अधिक महिला मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज करवाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने के लिए कहा।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सिंह, डिप्टी आरएमओ विपुल सिन्हा सहित जिलास्तरीय अधिकारी शामिल रहे।
कम वसूली पर अमीनों पर होगी सख्ती : धान मिलों के मालिकों से आरसी की वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ऐसे समस्त अमीनों को, जिनकी वसूली कम है, उनका क्षेत्र बदलने अथवा आवश्यक होने पर उनके खिलाफ एक सप्ताह के अंदर दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को एलडीएम की मदद से बकाएदारों के खातों की पहचान करने एवं खातों को कुर्क करने की कार्यवाही का निर्देश दिया। साथ ही वसूली के लिए आवश्यक होने पर नीलामी के लिए कहा।
अब तक 20195.2 क्विंटल धान की खरीद : धान क्रय की स्थिति की समीक्षा के दौरान डिप्टी आरएमओ विपुल सिन्हा ने बताया कि 49 केंद्रों में से 24 केंद्रों पर धान की खरीद शुरू हो गई है। अब तक कुल 20195.2 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है।