गोरखपुर कारागार में शुक्रवार को रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान करीब सौ महिलाओं ने जेल में बंद अपने भाइयों को राखी बांधी। वहीं, जेल में बंद महिला बंदियों से राखी बंधवाने उनके भाई भी जेल पहुंचे।
जेल पर रक्षाबंधन के दिन मुलाकातियों की भीड़ को देखते हुए जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर ली थी। जेल के बाहर बैरिकेडिंग कर स्टाफ की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई थी। शुक्रवार सुबह छह बजे से ही जेल में बंदियों को राखी बांधने उनकी बहनें पहुंच गई थी। वहीं, बंदी भी बहनों के आने का इंतजार कर रहे थे। जेल में बहनों की सुरक्षा के लिए महिला कांस्टेबल तैनात की गई थीं।